Sonu Sood Nepal Visit: विनाशकारी बाढ़ के बीच मदद के लिए नेपाल पहुंचे सोनू सूद, खुद बांटा खाना-कंबल

Sonu Sood Nepal Visit: विनाशकारी बाढ़ के बीच मदद के लिए नेपाल पहुंचे सोनू सूद, खुद बांटा खाना-कंबल

Nepal Flash Flood: नेपाल में आई विनाशकारी बाढ़ के बाद राहत और मदद का सिलसिला जारी है। इसी बीच अभिनेता सोनू सूद बाढ़ प्रभावितों की मदद के लिए काठमांडू पहुंचे हैं। उनकी टीम भारत से जरूरी राहत सामग्री लेकर नेपाल पहुंची, जहां जरूरतमंदों को खाना, कंबल और अन्य आवश्यक सामान बांटा गया।

सोनू सूद ने बताया कि वह बाढ़ प्रभावित परिवारों से मिलने और राहत का जरूरी सामान पहुंचाने के लिए नेपाल आए हैं। उन्होंने कहा कि उनकी टीम आने वाले दिनों में भी प्रभावित लोगों की मदद के लिए हर संभव कोशिश करेगी।

बाढ़ प्रभावित परिवारों से मिले सोनू सूद

काठमांडू पहुंचने के बाद सोनू सूद ने बाढ़ पीड़ितों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने राहत कार्यों को लेकर अपनी बात रखी।

उन्होंने कहा, "हम बाढ़ पीड़ितों और उनकी मदद के लिए आए हैं। हम भारत से काफी सामान लेकर आए हैं और हम कोशिश करेंगे कि इनकी जिंदगियां वापस पटरी पर आ सकें।"

सोनू सूद ने बताया कि उनकी टीम बाढ़ प्रभावितों के लिए खाने-पीने की चीजों के अलावा कई अन्य जरूरी सामान भी लेकर पहुंची है। साथ ही टीम लोगों से उनकी जरूरतों के बारे में जानकारी लेने की कोशिश कर रही है, ताकि जमीनी स्तर पर जरूरी मदद उपलब्ध कराई जा सके।

खाना और कंबल समेत बांटी राहत सामग्री

सोनू सूद ने बाढ़ प्रभावित लोगों को खाने-पीने का सामान और कंबल सहित जरूरत की कई चीजें बांटीं। उन्होंने कहा कि मुश्किल समय में हर किसी को अपनी तरफ से योगदान देना चाहिए।

अभिनेता ने कहा, "मुझे लगता है कि ये हर किसी का फर्ज है कि वे अपना योगदान दें। हमें बहुत सारा खाने-पीने का सामान और कंबल मिले हैं, जिसे हम बांट रहे हैं। हम बाढ़ प्रभावितों से उनकी जरूरत के बारे में भी पूछ रहे हैं, जो हम भारत से भेजने की कोशिश करेंगे।"

उन्होंने आगे कहा कि भारत से सामान भेजना थोड़ा मुश्किल है, क्योंकि इसके लिए बहुत सारे लोगों की जरूरत होती है। हालांकि, उन्होंने यह सुनिश्चित करने की कोशिश की बात कही कि राहत सामग्री सिर्फ इस महीने ही नहीं, बल्कि आने वाले महीनों में भी पहुंचती रहे।

नेपाल में अब भी बना हुआ है खतरा

नेपाल में आई बाढ़ से कई घर बह गए और सैकड़ों लोगों की जान चली गई। बाढ़ के बाद अब भी कई भारतीयों का पता नहीं चल सका है। छोचेन नदी में बने इम्पैक्ट क्रेकर के आसपास मौजूद हिम चट्टानों के टूटने की आशंका भी बनी हुई है।

इस मुश्किल समय में भारत सरकार लगातार नेपाल के संपर्क में है। वहीं सोनू सूद भी प्रभावित लोगों तक मदद पहुंचाने के लिए नेपाल पहुंचे हैं।