अखिलेश यादव को बड़ा झटका! 3 सपा बागी विधायक 14 अक्टूबर को BJP में होंगे शामिल

अखिलेश यादव को बड़ा झटका! 3 सपा बागी विधायक 14 अक्टूबर को BJP में होंगे शामिल

हाइलाइट्स
• 3 सपा बागी विधायक 14 अक्टूबर को BJP में होंगे शामिल
• राकेश प्रताप सिंह, अभय सिंह और विनोद चतुर्वेदी थामेंगे बीजेपी का हाथ
• अमेठी के गौरीगंज में होगा मेगा जॉइनिंग कार्यक्रम
• कार्यक्रम में स्मृति ईरानी, पंकज चौधरी समेत कई मंत्री होंगे शामिल

समाजवादी पार्टी के तीन बागी विधायक 14 अक्टूबर को बीजेपी का दामन थामेंगे। राकेश प्रताप सिंह, अभय सिंह और विनोद चतुर्वेदी आधिकारिक रूप से भाजपा में शामिल होंगे। तीनों विधायकों ने पिछले राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोट किया था। इनकी मेगा जॉइनिंग के लिए अमेठी के गौरीगंज में भव्य कार्यक्रम आयोजित होगा।

इस कार्यक्रम में पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और कई मंत्री भी शामिल होंगे।

कौन हैं राकेश प्रताप सिंह?

राकेश प्रताप सिंह अमेठी की गौरीगंज सदर सीट से लगातार तीसरी बार विधायक हैं। विधानसभा चुनाव 2022 में उन्होंने सपा प्रत्याशी के तौर पर बीजेपी के चंद्र प्रकाश मिश्रा को 6,963 वोटों के अंतर से हराया था।

राकेश प्रताप सिंह को चुनाव में 79,040 वोट मिले थे, जबकि चंद्र प्रकाश मिश्रा को 72,077 वोट हासिल हुए थे। अब राकेश प्रताप सिंह 14 अक्टूबर को बीजेपी में शामिल होने जा रहे हैं।

विनोद चतुर्वेदी ने कालपी में दर्ज की थी जीत

विनोद चतुर्वेदी जालौन जिले की कालपी विधानसभा सीट से लगातार दो बार विधायक हैं। 2022 के विधानसभा चुनाव में उनका मुकाबला निषाद पार्टी के छोटे सिंह से हुआ था। उस समय निषाद पार्टी का गठबंधन बीजेपी के साथ था।

विनोद चतुर्वेदी ने छोटे सिंह को 2,816 वोटों के अंतर से हराया था। उन्हें कुल 69,782 वोट मिले थे, जबकि छोटे सिंह को 66,966 वोट हासिल हुए थे।

अभय सिंह का गोसाईंगंज सीट पर मुकाबला

अयोध्या जिले की गोसाईंगंज विधानसभा सीट 2008 के परिसीमन के बाद अस्तित्व में आई थी। पिछले तीन विधानसभा चुनावों में इस सीट पर मुकाबला अभय सिंह और इंद्र प्रताप उर्फ खब्बू तिवारी के परिवार के बीच रहा है।

पिछले विधानसभा चुनाव में सपा प्रत्याशी के रूप में अभय सिंह ने खब्बू तिवारी की पत्नी आरती तिवारी को 13,079 वोटों के अंतर से हराया था। अभय सिंह को 1 लाख 5 हजार 863 वोट मिले थे, जबकि आरती तिवारी को 92 हजार 784 वोट हासिल हुए थे।

अब राकेश प्रताप सिंह, अभय सिंह और विनोद चतुर्वेदी तीनों 14 अक्टूबर को गौरीगंज में होने वाले कार्यक्रम में आधिकारिक रूप से बीजेपी में शामिल होंगे।