Tata Group: टाटा ग्रुप (Tata Group) की चेयरमैनशिप को लेकर बड़ा फैसला हुआ है। मुंबई में हुई टाटा संस की बोर्ड मीटिंग में एन चंद्रशेखरन (Natarajan Chandrasekaran) का कार्यकाल अगले पांच साल के लिए बढ़ाने को मंजूरी दी गई है। उनका मौजूदा कार्यकाल फरवरी 2027 में खत्म होने वाला था। इसके बाद भी वह टाटा ग्रुप की कमान संभालते रहेंगे।
टाटा संस के बोर्ड ने बहुमत से उन्हें मौजूदा कार्यकाल पूरा होने के बाद अगले पांच साल के लिए एग्जीक्यूटिव चेयरमैन के तौर पर फिर नियुक्त करने का फैसला किया है।
टाटा संस ने क्या कहा?
कंपनी ने अपने फैसले को लेकर बयान जारी किया है। टाटा संस के मुताबिक, 17 सितंबर, 2026 को हुई बोर्ड बैठक में एन. चंद्रशेखरन (चंद्र) ने बोर्ड के उस अनुरोध को स्वीकार किया, जिसमें उनसे अपने फैसले पर दोबारा विचार करने को कहा गया था।
बयान में कहा गया कि इसके बाद बोर्ड ने बहुमत से उनके मौजूदा कार्यकाल की समाप्ति के बाद अगले पांच साल के लिए उन्हें एग्जीक्यूटिव चेयरमैन के तौर पर फिर से नियुक्त करने का फैसला किया।
पहले दोबारा चेयरमैन बनने से किया था इनकार
एन चंद्रशेखरन के कार्यकाल को बढ़ाने का फैसला इसलिए भी अहम है क्योंकि उन्होंने पिछले महीने अपने मौजूदा कार्यकाल के बाद दोबारा चेयरमैन पद संभालने की इच्छा नहीं जताई थी।
उन्होंने बताया था कि वह रिपॉइंटमेंट नहीं चाहते हैं। उनके मुताबिक, फरवरी में हुई बोर्ड मीटिंग के दौरान टाटा संस के एक बोर्ड सदस्य ने उनके पांच साल के कार्यकाल के विस्तार का समर्थन नहीं किया था।
वहीं, सर दोराबजी टाटा ट्रस्ट और सर रतन टाटा ट्रस्ट ने बोर्ड मीटिंग से पहले सर्वसम्मति से उनके कार्यकाल के विस्तार की सिफारिश की थी। करीब छह महीने बीतने के बाद भी इस मुद्दे पर कोई समाधान नहीं निकल पाया था। ऐसे में चंद्रशेखरन ने नेतृत्व को लेकर स्पष्टता की जरूरत बताई थी।
टाटा संस की लिस्टिंग का मुद्दा भी चर्चा में
एन चंद्रशेखरन को फिर से कार्यकाल देने का फैसला ऐसे समय हुआ है, जब कुछ दिन पहले RBI ने टाटा संस को शेयर बाजार में लिस्टिंग से छूट देने की मांग को खारिज कर दिया था।
RBI के नियमों के मुताबिक टाटा संस को शेयर बाजार में लिस्टिंग से जुड़ी आवश्यकताओं का पालन करना पड़ सकता है।
2017 में संभाली थी टाटा संस की कमान
एन. चंद्रशेखरन ने साल 2017 में टाटा संस के चेयरमैन के तौर पर कमान संभाली थी। इसके बाद साल 2022 में उन्हें दूसरी बार पांच साल के कार्यकाल के लिए नियुक्त किया गया था।
उनका मौजूदा कार्यकाल फरवरी 2027 में पूरा होगा। अब अगले पांच साल के लिए दोबारा नियुक्ति के बाद यह उनका तीसरा कार्यकाल होगा।