UP News: शिक्षक दिवस के मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश के सभी शिक्षकों और गुरुजनों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। शनिवार को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर साझा किए गए सेल्फी वीडियो में मुख्यमंत्री ने प्रदेश की प्राचीन ज्ञान परंपरा को याद किया और आधुनिक शिक्षा व्यवस्था में शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका बताई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की विशिष्ट ज्ञान परंपरा को आधुनिक स्वरूप में नई पीढ़ी तक पहुंचाने वाले सभी गुरुजनों और शिक्षकों को वह शिक्षक दिवस की हार्दिक बधाई देते हैं।
सीएम योगी का पूरा वीडियो देखने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें
https://www.facebook.com/share/v/1CEYDjx2rY/
उत्तर प्रदेश की ज्ञान परंपरा का किया जिक्र
सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश प्राचीन काल से ज्ञान, साधना और संस्कार की पावन भूमि रहा है। उन्होंने काशी, सारनाथ, अयोध्या, मथुरा-वृंदावन और प्रयागराज का उल्लेख करते हुए इन्हें सनातन ज्ञान परंपरा के प्रमुख केंद्र बताया।
मुख्यमंत्री के अनुसार, काशी ने विश्व को ज्ञान का प्रकाश दिया, जबकि सारनाथ में भगवान बुद्ध ने अपना प्रथम उपदेश दिया था।
शुकतीर्थ और नैमिषारण्य की परंपरा को किया याद
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुकतीर्थ और नैमिषारण्य की ज्ञान परंपरा का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि करीब पांच हजार वर्ष पूर्व शुकतीर्थ में महर्षि शुकदेव जी ने श्रीमद्भागवत का प्रथम वाचन किया था।
वहीं, नैमिषारण्य में 88 हजार ऋषियों की साधना ने भारतीय ज्ञान परंपरा को समृद्ध किया। सीएम योगी ने कहा कि इसी भूमि से आयुर्वेद, अध्यात्म, दर्शन और भारतीय ज्ञान-विज्ञान की महान परंपराएं विकसित हुईं।
आधुनिक शिक्षा से जुड़ रही ज्ञान परंपरा
सीएम योगी ने कहा कि आज प्रदेश के शिक्षक इसी गौरवशाली ज्ञान परंपरा को आधुनिक शिक्षा, तकनीक और नवाचार से जोड़कर नई पीढ़ी का भविष्य गढ़ रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने शिक्षकों का अभिनंदन किया और उनके प्रति मंगलमय शुभकामनाएं व्यक्त कीं।