टाइगर श्रॉफ नहीं, किसी दूसरे सेलिब्रिटी को निशाना बनाने की थी योजना? पुलिस जांच में नया खुलासा

टाइगर श्रॉफ नहीं, किसी दूसरे सेलिब्रिटी को निशाना बनाने की थी योजना? पुलिस जांच में नया खुलासा
हाइलाइट्स
• टाइगर श्रॉफ से पहले किसी और सेलिब्रिटी को निशाना बनाने की थी योजना?
• इंस्टाग्राम पोस्ट और रील्स से जुटाई थी टाइगर की जानकारी!
• कोटा से गिरफ्तार हुए तीन आरोपी, पुलिस कर रही जांच

बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के मामले में शुरुआती पूछताछ के दौरान आरोपियों की योजना को लेकर नई जानकारी सामने आई है। जांच के मुताबिक, आरोपियों का पहला निशाना टाइगर श्रॉफ नहीं, बल्कि बॉलीवुड का कोई दूसरा सेलिब्रिटी था। बताया जा रहा है कि जब वे अपने पहले से तय टारगेट तक आसानी से नहीं पहुंच सके, तो उन्होंने टाइगर श्रॉफ को निशाना बनाने का फैसला किया।

शुरुआती पूछताछ में यह भी सामने आया है कि आरोपियों ने अभिनेता की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए सोशल मीडिया का इस्तेमाल किया था। हालांकि, जिस दूसरे सेलिब्रिटी को पहले निशाना बनाने की योजना थी, उसकी पहचान अभी सामने नहीं आई है। पुलिस अब हमले की साजिश और इससे जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

इंस्टाग्राम पोस्ट और रील्स से जुटाई जानकारी

जांच के दौरान सामने आया है कि आरोपियों ने टाइगर श्रॉफ की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए उनके और उनके प्रशंसकों के इंस्टाग्राम अकाउंट देखे थे। इन अकाउंट पर मौजूद रील्स और पोस्ट के जरिए उन्हें अभिनेता की मूवमेंट और पुलिस सुरक्षा से जुड़ी जानकारी मिलने की बात सामने आई है।

हालांकि, पहले किस सेलिब्रिटी को निशाना बनाने की योजना थी, इस बारे में अभी स्पष्ट जानकारी नहीं मिली है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों ने हमले की योजना कैसे बनाई और उन्हें अभिनेता से जुड़ी जानकारी किन तरीकों से मिली।

बॉलीवुड में दहशत फैलाने का था मकसद?

शुरुआती पूछताछ के अनुसार, आरोपियों का मकसद केवल अभिनेता पर हमला करना नहीं, बल्कि बॉलीवुड में दहशत फैलाना भी था। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि साजिश किस तरह रची गई और इसमें किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका थी या नहीं।

जांच एजेंसियां हमले से जुड़े सभी पहलुओं को खंगाल रही हैं। फिलहाल, पहले निशाने पर बताए जा रहे सेलिब्रिटी की पहचान सामने नहीं आई है।

फुटबॉल मैच के बाद टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग

यह मामला मुंबई के जुहू इलाके का है। पुलिस के मुताबिक, रविवार शाम फुटबॉल मैच खेलने के बाद टाइगर श्रॉफ अपनी कार से जा रहे थे। इसी दौरान उनकी कार पर कई राउंड फायरिंग की गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू की और आरोपियों की तलाश की। इस कार्रवाई के दौरान रेहान, फूल सिंह और ऋतिक कुमार को राजस्थान के कोटा से गिरफ्तार किया गया।

हत्या के प्रयास समेत गंभीर आरोप

पुलिस ने गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों पर हत्या के प्रयास समेत गंभीर आरोप लगाए हैं। घटनास्थल से पांच खाली कारतूस और दो कारतूस भी मिले थे।

जांच के शुरुआती विवरण के मुताबिक, आरोपी रेहान की बंदूक जाम होने के बाद दो कारतूस गिर गए थे। यह भी सामने आया था कि घटना के दौरान फूल सिंह ने पांच राउंड फायर किए थे।

शुरुआत में फूल सिंह को नाबालिग बताया गया था, लेकिन मुंबई पुलिस ने बाद में स्पष्ट किया कि वह वयस्क है।

अब पुलिस फायरिंग की पूरी साजिश, आरोपियों के कथित पहले टारगेट और सोशल मीडिया के जरिए जुटाई गई जानकारी की जांच कर रही है।