टाइगर श्रॉफ नहीं, सलमान खान थे निशाने पर? शूटर्स की प्लानिंग में हुआ बड़ा खुलासा

टाइगर श्रॉफ नहीं, सलमान खान थे निशाने पर? शूटर्स की प्लानिंग में हुआ बड़ा खुलासा
हाइलाइट्स
• सलमान खान थे निशाने पर, सुरक्षा देख बदला प्लान!
• टाइगर श्रॉफ की रेकी कर बनाया हमले का प्लान
• अमिताभ, आमिर और अक्षय के घरों की भी रेकी
• कोटा से तीन आरोपी गिरफ्तार

बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के मामले में जांच के दौरान कई अहम खुलासे हुए हैं। पुलिस पूछताछ में कथित तौर पर सामने आया कि लॉरेंस बिश्नोई गैंग के सदस्य पहले सलमान खान के घर के बाहर फायरिंग करने की योजना बना रहे थे। हालांकि, वहां कड़ी सुरक्षा होने के कारण वे अपने कथित प्लान को अंजाम नहीं दे सके। इसके बाद टाइगर श्रॉफ को निशाना बनाने की योजना बनाई गई।

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने टाइगर श्रॉफ की गतिविधियों पर नजर रखने के साथ-साथ अमिताभ बच्चन, आमिर खान और अक्षय कुमार के घरों की भी रेकी की थी। इस मामले में मुंबई पुलिस जांच कर रही है और सलमान खान के घर के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

सलमान खान समेत चार सितारों के घरों की हुई रेकी

जांच में सामने आया कि टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग से पहले आरोपियों ने सलमान खान, अमिताभ बच्चन, आमिर खान और अक्षय कुमार के घरों के बाहर रेकी की थी। आरोपियों ने इन जगहों के वीडियो बनाए और विदेश में बैठे अपने हैंडलर को भेजे थे।

रिपोर्ट्स के अनुसार, आरोपियों ने सलमान खान के घर की भी रेकी की थी। हालांकि, एक पुलिस अधिकारी के मुताबिक, इसका वास्तविक मकसद अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस आरोपियों के मोबाइल फोन की जांच करेगी। आशंका है कि उन्होंने रेकी के दौरान तस्वीरें खींचकर अपने हैंडलर्स को भेजी होंगी।

सलमान खान के घर की सुरक्षा बढ़ाई गई

इन खुलासों के बाद मुंबई पुलिस ने सलमान खान के घर के बाहर सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी है। बांद्रा पुलिस स्टेशन की एक पेट्रोलिंग वैन भी मौके पर मौजूद है।

अभिनेता के घर की इमारत के अंदर और बाहर के साथ-साथ सड़क के दोनों ओर पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है।

सोशल मीडिया पोस्ट से मिली थी टाइगर श्रॉफ की जानकारी

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आरोपियों को सोशल मीडिया पर टाइगर श्रॉफ के फैंस की पोस्ट से उनकी दिनचर्या के बारे में पता चला था। इन पोस्ट के जरिए उन्हें जानकारी मिली कि अभिनेता हर रविवार जुहू के पुष्पा नरसी ग्राउंड में फुटबॉल खेलने जाते हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार, उस दौरान उनके साथ कोई पुलिस सुरक्षा नहीं होती थी।

जब शूटर्स ने बिश्नोई के करीबी अमित पंडित को बताया कि सलमान खान को निशाना बनाना मुश्किल है, तो टाइगर श्रॉफ को निशाना बनाने की योजना तैयार की गई। जानकारी के मुताबिक, अमित पंडित ने ही हमले का आदेश दिया था।

इसके बाद दोनों शूटर पिस्तौल लेकर जुहू के फुटबॉल ग्राउंड पहुंचे। वहां उन्होंने कुछ समय तक टाइगर श्रॉफ की गतिविधियों पर नजर रखी। जैसे ही अभिनेता की कार ग्राउंड के गेट से बाहर निकली, शूटर्स ने फायरिंग शुरू कर दी।

फायरिंग में बाल-बाल बचे टाइगर श्रॉफ

पुलिस के मुताबिक, इस घटना में टाइगर श्रॉफ बाल-बाल बच गए। शुरुआती जांच में संकेत मिले कि हमलावर सीधे अभिनेता को निशाना बनाना चाहते थे।

इस वारदात में कुल तीन लोगों के शामिल होने की बात सामने आई है। इनमें दो आरोपी शूटर्स थे, जबकि तीसरा व्यक्ति बाइक लेकर इंतजार कर रहा था, ताकि वारदात के बाद भागने में मदद मिल सके।

पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। आरोपियों के मोबाइल फोन की जांच से रेकी और कथित साजिश से जुड़ी जानकारी मिलने की उम्मीद है।

राजस्थान के कोटा से तीन आरोपी गिरफ्तार

मुंबई पुलिस ने इस मामले में सोमवार को राजस्थान के कोटा से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें 18 साल के फूल सिंह और रेहान अंसारी के अलावा 22 साल का ऋतिक कुमार उर्फ रोशन रामू महतो शामिल हैं।

तीनों आरोपियों को ट्रांजिट रिमांड पर मुंबई लाया गया। मंगलवार देर रात तक उन्हें सड़क के रास्ते मुंबई पहुंचाया गया। इसके बाद उनका मेडिकल चेकअप कराया गया और उन्हें कोर्ट में पेश किए जाने की प्रक्रिया तय थी।