त्रिपुरा की ख़ास शहद का पहली बार निर्यात UAE को किया गया है। डेरगांग किसान उत्पादक संगठन FPO ने 1 मीट्रिक टन शहद भेजा है।
निर्यात की खेप को त्रिपुरा सरकार के कृषि मंत्री श्री रतन लाल नाथ ने दुबई रवाना किया। इस निर्यात में NPEDA सुविधा मुहैया कराई।
नाथ ने कहा, ‘डेरगांग एफपीओ द्वारा सरसों के शहद का पहली बार निर्यात त्रिपुरा के मधुमक्खी पालकों और किसानों के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। यह हमारे स्थानीय कृषि उत्पादों की अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचने और कृषक समुदायों के लिए बेहतर आय के अवसर पैदा करने की क्षमता को दर्शाता है।’
निर्यात पर खुशी जताते हुए केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने सोशल मीडिया X पर लिखा, ‘नॉर्थ-ईस्ट के मधुमक्खी पालकों के लिए एक शानदार कामयाबी! पहली बार, त्रिपुरा से दुबई (UAE) को 1 मीट्रिक टन सरसों का शहद एक्सपोर्ट किया गया है।’
इस पहल से स्थानीय किसानों और एफपीओs को निर्यात के अवसर तलाशने तथा अंतरराष्ट्रीय कृषि बाजारों में अपनी भागीदारी मजबूत करने के लिए प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है।
इस पहल को एम/एस साल्ट रेंज फूड्स प्राइवेट लिमिटेड ने सहयोग और मार्गदर्शन प्रदान किया है। यह कंपनी डेरगांग एफपीओ के साथ मिलकर मधुमक्खी पालन उत्पादन को मजबूत करने और निर्यात-उन्मुख शहद आपूर्ति के विकास को सुगम बनाने के लिए कार्य कर रही है।