पुतिन G20 समिट में आए तो स्वागत करेंगे ट्रंप, रूस-यूक्रेन युद्ध पर भी दिया बयान

पुतिन G20 समिट में आए तो स्वागत करेंगे ट्रंप, रूस-यूक्रेन युद्ध पर भी दिया बयान
हाइलाइट्स
• G20 समिट में आएंगे पुतिन तो स्वागत करेंगे ट्रंप
• रूस-यूक्रेन युद्ध खत्म करने पर दिया जोर
• चीन और रूस से परमाणु समझौता चाहते हैं ट्रंप

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने संकेत दिया है कि रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन अगर इस साल अमेरिका में होने वाले G20 शिखर सम्मेलन में शामिल होते हैं, तो उनका स्वागत किया जाएगा। ट्रंप के मुताबिक, रूस ने बैठकों में हिस्सा लेने की इच्छा जताई है, लेकिन पुतिन खुद आएंगे या नहीं, यह अभी स्पष्ट नहीं है।

व्हाइट हाउस से रवाना होने से पहले पत्रकारों ने ट्रंप से पुतिन के G20 बैठक में शामिल होने की संभावना पर सवाल किया। इस दौरान उन्होंने रूस-यूक्रेन युद्ध खत्म करने की जरूरत पर भी जोर दिया और चीन तथा रूस के साथ परमाणु समझौता करने की अपनी इच्छा जाहिर की।

पुतिन के G20 में आने पर क्या बोले ट्रंप?

पत्रकारों के सवाल पर ट्रंप ने कहा, 'नहीं, उन्होंने सिर्फ शामिल होने इच्छा जताई है। मुझे नहीं पता कि पुतिन खुद आएंगे या नहीं लेकिन अगर वे आते हैं तो मैं जरूर उनका स्वागत करूंगा।'

ट्रंप ने यह भी कहा कि G20 की बैठकों में रूस के प्रतिनिधि पहले भी हिस्सा लेते रहे हैं। उन्होंने ईंधन की कीमतों से जुड़े सवाल के जवाब में G20 का जिक्र किया।

अमेरिका करेगा 2026 के G20 शिखर सम्मेलन की मेजबानी

अमेरिका वर्ष 2026 में G20 की अध्यक्षता कर रहा है। इस दौरान अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो 30 और 31 अक्टूबर को जॉर्जिया के अटलांटा में G20 विदेश मंत्रियों की बैठक की मेजबानी करेंगे।

इसके बाद 14 और 15 दिसंबर को ट्रंप फ्लोरिडा के मियामी स्थित ट्रंप नेशनल डोरल में G20 नेताओं के शिखर सम्मेलन की मेजबानी करेंगे।

रूस और भारत दोनों G20 के सदस्य हैं। इससे पहले भारत ने सितंबर 2023 में नई दिल्ली में G20 शिखर सम्मेलन की मेजबानी की थी।

चीन और रूस के साथ परमाणु समझौता करना चाहते हैं ट्रंप

ट्रंप ने कहा कि वह चीन और रूस, दोनों के साथ परमाणु समझौता करना चाहते हैं। हालांकि, उन्होंने यह भी माना कि उन्हें इस साल ऐसा समझौता होने की उम्मीद नहीं है।

उनका यह बयान ऐसे समय आया है, जब अमेरिका 2026 के G20 कार्यक्रमों की तैयारी कर रहा है और रूस की भागीदारी को लेकर सवाल पूछे जा रहे हैं।

रूस-यूक्रेन युद्ध खत्म करना सबसे महत्वपूर्ण: ट्रंप

रूस-यूक्रेन युद्ध को लेकर ट्रंप से पूछा गया कि क्या वह भूल गए हैं कि युद्ध की शुरुआत पुतिन ने की थी। इसके जवाब में उन्होंने कहा, 'देखिए, मुझे सभी बातें पता हैं। किसी समय मैं सारी जानकारी सार्वजनिक करूंगा। मेरे लिए सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि यह युद्ध खत्म होना चाहिए।'

ट्रंप ने युद्ध में सैनिकों की मौत का आंकड़ा बताते हुए कहा, 'औसतन हर महीने करीब 25,000 सैनिक मारे जा रहे हैं। पिछले महीने यह संख्या 32,000 थी। मैं दोनों पक्षों से बात करता हूं। मुझे लगता है कि दोनों इस युद्ध को खत्म करना चाहते हैं और मेरा पूरा ध्यान इसी पर है कि यह युद्ध समाप्त हो।'

यूक्रेन के 'स्टारशील्ड' इस्तेमाल पर प्रतिबंध से किया इनकार

पत्रकारों ने ट्रंप से यह भी पूछा कि क्या अमेरिका ने यूक्रेन की ओर से 'स्टारशील्ड' के इस्तेमाल पर कोई प्रतिबंध लगाया है। इस पर उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा, 'नहीं, हमने ऐसा बिल्कुल नहीं किया है।'

ट्रंप के बयान में G20 सम्मेलन में पुतिन की संभावित भागीदारी, रूस-यूक्रेन युद्ध को समाप्त करने और चीन तथा रूस के साथ परमाणु समझौते की इच्छा जैसे मुद्दे शामिल रहे।