जेवर एयरपोर्ट के नाम में होगा बदलाव? योगी कैबिनेट ने ‘नरेंद्र मोदी जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट’ का प्रस्ताव किया पारित

जेवर एयरपोर्ट के नाम में होगा बदलाव? योगी कैबिनेट ने ‘नरेंद्र मोदी जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट’ का प्रस्ताव किया पारित
हाइलाइट्स
• जेवर एयरपोर्ट का नाम ‘नरेंद्र मोदी जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट’ करने का प्रस्ताव पारित
• CM योगी ने कैबिनेट बैठक के बाद दी जानकारी
• यूपी को लॉजिस्टिक हब बनाने में बुनियादी ढांचे पर जोर
• 65 लाख से अधिक प्रधानमंत्री आवास और 6.08 करोड़ आयुष्मान कार्ड का जिक्र


उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने जेवर में निर्माणाधीन नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का नाम ‘नरेंद्र मोदी जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट’ करने का प्रस्ताव पारित किया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को कैबिनेट बैठक के बाद प्रेसवार्ता में यह जानकारी दी। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के योगदान का उल्लेख करते हुए प्रदेश में बुनियादी ढांचे और विकास से जुड़ी परियोजनाओं पर भी बात की।

मुख्यमंत्री ने अयोध्या में 500 वर्षों के इंतजार के खत्म होने, काशी विश्वनाथ कॉरिडोर के निर्माण और विदेश से मां अन्नपूर्णा की मूर्ति वापस लाकर पुनः स्थापित कराने का जिक्र किया। उन्होंने इन कार्यों को प्रधानमंत्री के प्रयासों का महत्वपूर्ण उदाहरण बताया। योगी आदित्यनाथ के अनुसार, कैबिनेट ने प्रधानमंत्री के योगदान की मुक्त कंठ से प्रशंसा की।

2017 के बाद उत्तर प्रदेश के विकास पर क्या बोले योगी?

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच आत्मीय संबंध है। उनके मुताबिक, वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में बुनियादी सुविधाओं का अभाव था, जबकि डबल इंजन सरकार में उत्तर प्रदेश विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने हमेशा उत्तर प्रदेश को प्राथमिकता दी है और प्रदेश सरकार इसके लिए उनकी आभारी है।

योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में एक्सप्रेसवे, हाईवे, क्षेत्रीय रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (आरआरटीएस) और मेट्रो के संचालन का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि जेवर में अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के विकास और हवाई सेवाओं के विस्तार से एयर कनेक्टिविटी मजबूत हुई है।

लॉजिस्टिक हब और औद्योगिक विकास पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि बेहतर बुनियादी ढांचे के कारण उत्तर प्रदेश लॉजिस्टिक हब के रूप में उभरा है। उन्होंने लखनऊ में ब्रह्मोस मिसाइल निर्माण इकाई और पीएम मित्र टेक्सटाइल पार्क जैसी परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि ये औद्योगिक विकास को बढ़ावा दे रही हैं।

इन परियोजनाओं से प्रदेश में निवेश और रोजगार के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है।

गरीबों, महिलाओं और किसानों के लिए योजनाओं का जिक्र

प्रेसवार्ता के दौरान योगी आदित्यनाथ ने गरीबों, वंचितों, पिछड़ों और महिलाओं के उत्थान के लिए उठाए गए कदमों का भी उल्लेख किया। उन्होंने आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) को 10 प्रतिशत आरक्षण देने के फैसले की बात कही।

आवास, खाद्यान्न और स्वास्थ्य सुरक्षा के आंकड़े

मुख्यमंत्री के मुताबिक, किसानों को एक लाख करोड़ रुपये दिए गए हैं। उन्होंने प्रदेश में 65 लाख से अधिक प्रधानमंत्री आवास उपलब्ध कराने और 3.67 करोड़ राशन कार्डधारकों को प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत मुफ्त खाद्यान्न देने का भी उल्लेख किया।

योगी आदित्यनाथ ने बताया कि लाखों परिवारों तक नल से जल पहुंचाया गया है। स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए प्रदेश में 6.08 करोड़ आयुष्मान कार्ड बनाए गए हैं।