पूर्वांचल के बाहुबली बृजेश सिंह ने ठोंकी ताल, लडूंगा विधानसभा चुनाव

पूर्वांचल के बाहुबली बृजेश सिंह ने ठोंकी ताल, लडूंगा  विधानसभा चुनाव

पूर्वांचल के बाहुबली और पूर्व विधान परिषद सदस्य बृजेश सिंह यूपी में अगले साल होने वाले विधानसभा में उम्मीदवारी का ऐलान किया है। उन्होंने चुनाव लड़ने की घोषणा कर दी है लेकिन विधानसभा सीट और पार्टी का फिलहाल खुलासा नहीं किया है।

बृजेश सिंह का परिवार की बीजेपी से नजदीकियां हैं। उनके भतीजे सुशील सिंह चंदौली जिले की सैयदराजा विधानसभा सीट से बीजेपी के विधायक हैं। उनकी पत्नी अन्नपूर्णा सिंह भी एमएलसी हैं। चर्चा चल रही है कि बृजेश सिंह बीजेपी के बजाय एनडीए के किसी सहयोगी दल के टिकट पर चुनाव लड़ेंगे।

बृजेश सिंह इन दिनों वाराणसी में एक जगन्नाथ मंदिर को लेकर भी चर्चा में हैं। वाराणसी के प्रतिष्ठित शाह परिवार के ट्रस्ट के वह अध्यक्ष हैं और ट्रस्ट मंदिर से अवैध कब्जेदारों को हटाकर मंदिर का पुनरुद्धार और विकास करना चाहता है।

अपने इन नये काम को लेकर वृजेश सिंह पिछले दिनों वाराणसी में अस्सी की उस चर्चित चाय की दुकान पर पहुंचे जहां एक बार प्रधानमंत्री मोदी भी चाय पीने पहुंचे थे। इस दुकान पर पूर्व एमएलसी ने लोगों से संवाद किया और कहा, 'मैं रघुवंशी हूं, वचन देता हूं कि आपकी किसी भी पीड़ा में सहभागी बनूंगा।'

ओपी राजभर की पार्टी से उम्मीदवारी की चर्चा

बाहुबली और माफिया डॉन के रूप में पहचाने जाने वाले बृजेश सिंह ने यूपी विधानसभा चुनाव में उतरने की बात कही है। पूर्व में एमएलसी रह चुके बृजेश सिंह और उनके परिवार की राज्य की राजनीति में पहले से दखल है। उन्होंने चुनाव लड़ने का ऐलान तो कर दिया है, लेकिन इसका खुलासा नहीं किया है कि वे किस राजनीतिक दल से और किस विधानसभा सीट पर चुनाव लड़ेंगे। चर्चा है कि वे ओमप्रकाश राजभर की पार्टी सुहेदलेव भारतीय समाज पार्टी ( एसबीएसपी ) के टिकट पर चुनाव मैदान में उतर सकते हैं।

जनता की सेवा के लिए राजनीति

विधानसभा चुनाव लड़ने की बात सिर्फ बृजेश सिंह ही नहीं कह रहे हैं। उनने पुत्र सिद्धार्थ सिंह के भी जौनपुर से चुनाव लड़ने की चर्चा है। हालांकि बृजेश सिंह ने इसे अफवाह बताया है। उन्होंने कहा कि उन्हें धन-दौलत की जरूरत नहीं है। जनता की सेवा करना है तो राजनीति में आना जरूरी है।

बृजेश सिंह का पूर्वांचल की राजनीति में दबदबा

बृजेश सिंह का पूर्वांचल की राजनीति में काफी दबदबा है। माफिया डॉन बृजेश सिंह चाहे फरार रहे, या जेल में बंद रहे, लेकिन उनके परिवार का राजनीति में दखल हमेशा बनी रही। वाराणसी की एमएलसी सीट पर बृजेश सिंह के परिवार का तीन दशक से कब्जा है।