उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच गठबंधन की तैयारियां आगे बढ़ रही हैं। दोनों दलों के नेताओं ने दिल्ली में सीट शेयरिंग को लेकर दूसरे दौर की बैठक की। बैठक में 403 विधानसभा सीटों पर चर्चा हुई, लेकिन अभी सीटों की संख्या को लेकर कोई अंतिम फैसला नहीं हुआ है। नेताओं का कहना है कि अगली दो बैठकों में बातचीत पूरी कर ली जाएगी।
बैठक के बाद सपा नेता रामगोपाल यादव ने बताया कि दोनों दल हर सीट पर अलग-अलग चर्चा कर रहे हैं। उन्होंने बातचीत को सकारात्मक बताया और कहा कि अभी किसी ने सीटों की मांग नहीं रखी है।
रामगोपाल यादव बोले- हर सीट पर हो रही चर्चा
बैठक से बाहर आने के बाद रामगोपाल यादव ने कहा कि 403 सीटों पर चर्चा करना बड़ा काम है, इसलिए बातचीत अभी पूरी नहीं हो पाई है। उन्होंने भरोसा जताया कि अगली दो बैठकों में सीटों को लेकर चर्चा पूरी हो जाएगी।
रामगोपाल ने कहा, "हम लोगों ने हर सीट पर चर्चा की। बहुत ही सकारात्मक चर्चा हुई। 403 सीटें बहुत सीटें हैं इसलिए अभी चर्चा पूरी नहीं हो पाया है लेकिन आप भरोसा रखिए कि गठबंधन की अगली दो बैठकों के बाद हम लोग अपनी चर्चा पूरा कर लेंगे... किसी ने अभी सीटों की मांग नहीं की है। हम सब सीटों पर चर्चा कर रहे हैं... वार्ता तब तक चलती रहेगी, जब तक अंतिम फैसला नहीं हो जाता है… जल्द ही हम अगली बैठक करेंगे..."
राजीव राय ने बताया- सीट दर सीट हुई बातचीत
सपा सांसद राजीव राय ने भी बैठक को लेकर जानकारी दी। उन्होंने कहा कि दोनों दलों के नेताओं ने सीट दर सीट बातचीत की है और सभी ने अपने-अपने समीकरण सामने रखे हैं।
राजीव राय के मुताबिक, इन समीकरणों का अध्ययन किया जा रहा है। उन्होंने पहले भी कहा था कि गठबंधन में हर सीट पर चर्चा होगी।
राजेंद्र पाल गौतम ने भी अगली दो बैठकों में फैसले की बात कही
उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने भी बातचीत को सकारात्मक बताया। उन्होंने कहा कि काफी बड़ी संख्या में सीटों पर चर्चा हो चुकी है और हर सीट के आंकड़ों के साथ बात की गई है।
उन्होंने कहा, "...अगली दो बैठकों के अंदर पूरा निर्णय ले लिया जाएगा। काफी बड़ी मात्रा में सीटों पर चर्चा हो चुकी है। एक-एक सीट पर डेटा के साथ बातचीत हुई है। सकारात्मक बातचीत चल रही है। हम बहुत सकारात्मक सोच के साथ हम लोग आगे बढ़ रहे हैं... निश्चित है कि दोनों पार्टियां सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ रही हैं... अगली दो बैठकों में हम लोग इसे संपन्न कर लेंगे और हमारा समझौता हो जाएगा...।"
फिलहाल सपा और कांग्रेस के बीच सीटों की संख्या को लेकर कोई अंतिम सहमति सामने नहीं आई है। दोनों दलों के नेताओं के बयानों से संकेत मिला है कि अगली दो बैठकों में सीट शेयरिंग पर बातचीत पूरी करने और समझौते को अंतिम रूप देने की कोशिश होगी।