गाजी मियां दरगाह में करोड़ों के गबन का आरोप

गाजी मियां दरगाह में करोड़ों के गबन का आरोप

उत्तर प्रदेश में अयोध्या में राम मंदिर चढ़ावा चोरी के आरोपों के बीच बीजेपी अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष कुंवर बासित अली ने बहराइच दरगाह को लेकर बड़ा आरोप लगाया है। उन्होंने दावा किया है कि दरगाह हज़रत सैय्यद सालार मसूद गाज़ी रहमतुल्लाह अलैह में पिछले 20 साल से वित्तीय गड़बड़ी हो रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से इस मामले की SIT से जांच करवाने की माँग की है।

उत्तर प्रदेश अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष कुंवर बासित अली ने बहराइच स्थित वक़्फ़ नंबर 19 दरगाह हज़रत सैय्यद सालार मसूद गाज़ी रहमतुल्लाह अलैह में वित्तीय गड़बड़ियों, भ्रष्टाचार और वक़्फ़ संपत्तियों के गलत इस्तेमाल का आरोप लगाया है।  कुंवर बासित अली का आरोप है कि दरगाह में पिछले 20 साल से करोड़ों का गबन हुआ है।

उन्होंने सीएम को लिखे पत्र में कहा है कि दरगाह की करोड़ों की कमाई चढ़ावे, दुकानों के किराए और ठेकों से होती है, लेकिन इसका सही हिसाब नहीं है। उन्होंने मांग की कि पूर्व अध्यक्ष शमशाद अहमद, वर्तमान अध्यक्ष बकाउल्लाह, प्रबंधक अलीमुल हक़, सपा के पूर्व विधायक यासिर शाह और उनके करीबियों के कार्यकाल की कमाई-खर्च, जमीन खरीद-बिक्री, बेनामी संपत्ति, 2005 की डकैती केस और 2024-25 के ठेकों में हुए करीब 1 करोड़ 2 लाख रुपये के घोटाले की स्वतंत्र SIT या एजेंसी से जांच हो।

उन्होंने साथ ही सोने-चांदी के चढ़ावे के भौतिक सत्यापन और वक़्फ़ की जमीनों-दुकानों को निजी नाम से हटाकर वक़्फ़ के नाम दर्ज कराने की मांग भी की है। उन्होंने मुख्यमंत्री से अपील की कि दोषियों पर FIR दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाए और दरगाह की संपत्तियों को सुरक्षित कर जनता का भरोसा बहाल किया जाए।