- दो इंजन और दो जेसीबी हाइड्रा भी नहीं निकाल सके
- छह पहिए धंसने से वैकल्पिक मार्ग पर रुका भारी वाहन
- जल्दबाजी में बने रास्ते की गुणवत्ता पर उठे सवाल
- चंदौली से सकुशल वाराणसी सीमा में पहुंचा था ट्रेलर
|
240 Wheel Viral Trailer: उत्तर प्रदेश में बलराम चीनी मिल के लिए बॉयलर लेकर जा रहा 240 पहियों वाला महाकाय ट्रेलर सोमवार को वाराणसी में डाफी टोल प्लाजा के उत्तर तरफ बने वैकल्पिक रास्ते पर दलदल में फंस गया। चंदौली जिले की सीमा पार कर वाराणसी में प्रवेश करने के बाद ट्रेलर हाईवे से नीचे उतरकर लोहे की स्लीपर प्लेट वाले रास्ते पर पहुंचा। इसी दौरान उसके पिछले हिस्से के करीब आधा दर्जन पहिए दलदल में धंस गए।
ट्रेलर को निकालने के लिए डबल इंजन और डबल जेसीबी हाइड्रा लगाए गए, लेकिन पहिए आगे नहीं बढ़ सके। इसके बाद जेसीबी की मदद से रास्ते को दुरुस्त करने का काम शुरू किया गया। महाकाय ट्रेलर को देखने के लिए राहगीरों और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई।
बताया गया कि ट्रेलर के आवागमन के लिए करीब एक महीने पहले रास्ता बनाने का सर्वे किया गया था। इसके बावजूद वैकल्पिक रास्ता जल्दबाजी में तैयार किया गया। आरोप है कि गिट्टी डालने के बाद पर्याप्त तरीके से रोलर नहीं चलाया गया। इसके बाद अस्थायी रास्ता बनाकर लोहे की स्लीपर प्लेट डाल दी गई। ट्रेलर के पहुंचते ही पिछले हिस्से के पहिए उसमें धंस गए।
ट्रांसपोर्ट कर्मचारियों के अनुसार, अतिरिक्त इंजन मंगाकर ट्रेलर को खींचकर निकालने का प्रयास किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर और इंजन लगाए जाएंगे।
इससे पहले चंदौली पुलिस ने ट्रेलर को अपनी सीमा से सकुशल पार कराकर वाराणसी में प्रवेश कराने की जानकारी सोशल मीडिया पर दी थी। पुलिस के अनुसार, यह वाहन लखीमपुर खीरी के ग्राम कुम्भी में निर्माणाधीन देश के पहले बायोप्लास्टिक (पॉलीलैक्टिक एसिड) मैन्युफैक्चरिंग प्लांट के लिए उपकरण ले जा रहा है। उपकरण वाला वाहन 41 मीटर लंबा, छह मीटर चौड़ा, सात मीटर ऊंचा और 164.28 मीट्रिक टन वजनी है।