प्रेमानंद महाराज के दर्शन के लिए 5 करोड़ देने का दावा, विराट कोहली की टीम ने बताया क्या है सच?

प्रेमानंद महाराज के दर्शन के लिए 5 करोड़ देने का दावा, विराट कोहली की टीम ने बताया क्या है सच?
हाइलाइट्स
• 5 करोड़ देकर दर्शन के दावे पर विराट कोहली की टीम का जवाब
• टीम ने आरोपों को झूठा और बेबुनियाद बताया
• विराट-अनुष्का श्रद्धा के चलते प्रेमानंद महाराज से मिलने जाते हैं
• टीम ने दावों की पुष्टि के बाद खबर चलाने की अपील की
• फलाहारी महाराज ने विराट को लेकर गंभीर आरोप लगाए थे

वृंदावन के प्रेमानंद महाराज के केलीकुंज आश्रम को लेकर चल रहे विवाद के बीच विराट कोहली की टीम की ओर से आधिकारिक बयान सामने आया है। श्री कृष्ण जन्मभूमि संघर्ष न्यास के अध्यक्ष फलाहारी महाराज दिनेश शर्मा ने विराट कोहली को लेकर 5 करोड़ रुपये से जुड़ा दावा किया था। अब विराट कोहली के प्रवक्ता ने इन आरोपों को पूरी तरह खारिज करते हुए झूठा और बेबुनियाद बताया है।

यह विवाद प्रेमानंद महाराज के शिष्य रसिक दुलारी शरण उर्फ दीपक लोदी के निधन के बाद से चर्चा में है। इसी दौरान फलाहारी महाराज के बयानों को लेकर भी मामला सामने आया।

विराट कोहली की टीम ने क्या कहा?

विराट कोहली के प्रवक्ता ने कहा कि उनके बारे में फलाहारी महाराज दिनेश शर्मा की ओर से कही गई बातें मनगढ़ंत हैं। बयान में स्पष्ट किया गया कि विराट कोहली और उनकी पत्नी अनुष्का शर्मा प्रेमानंद महाराज के दर्शन उनकी गहरी श्रद्धा और आस्था के कारण करते हैं।

प्रवक्ता के मुताबिक, इन मुलाकातों का किसी तरह के व्यावसायिक या पैसे के लेन-देन से कोई संबंध नहीं है।

विराट कोहली की टीम ने मीडिया से भी ऐसी खबरों को आगे बढ़ाने से पहले तथ्यों की अच्छी तरह जांच करने की अपील की है।

फलाहारी महाराज ने क्या दावा किया था?

फलाहारी महाराज ने दावा किया था कि राजस्थान की एक निजी कंपनी ने प्रेमानंद महाराज को लोकप्रिय बनाने के लिए विराट कोहली को 5 करोड़ रुपये देकर दर्शन के लिए बुलाया था।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया था कि उस कंपनी से जुड़े लोग साधु-संतों का चोला पहनकर आश्रम में प्रवेश कर चुके हैं और प्रॉपर्टी से जुड़े काम देख रहे हैं।

प्रेमानंद महाराज को लेकर फलाहारी महाराज ने क्या कहा?

फलाहारी महाराज ने प्रेमानंद महाराज को सनातन धर्म के लिए बेहद अनमोल बताया था। उन्होंने कहा था कि महाराज जी के स्वास्थ्य के लिए वह अपनी किडनी तक देने को तैयार हैं।

साथ ही उन्होंने प्रेमानंद महाराज को भू-माफियाओं और गलत लोगों से दूरी बनाए रखने की बात कही थी।

हालांकि, विराट कोहली के प्रवक्ता के आधिकारिक बयान में फलाहारी महाराज द्वारा विराट कोहली को लेकर लगाए गए 5 करोड़ रुपये के दावे को पूरी तरह झूठा और तथ्यों से परे बताया गया है।