हाइलाइट्स :
• विशाखापत्तनम में हजारों परिवारों के दशकों पुराना इंतजार
• 8,874 करोड़ रुपये मूल्य की जमीन के पट्टे दिए जाएंगे
• सरकारी जमीन पर बने घरों को मिलेगा पूर्ण स्वामित्व
• नायडू बोले, पट्टा परिवार के लिए संपत्ति और भविष्य की सुरक्षा
Visakhapatnam Housing Rights: आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने कहा है कि विशाखापत्तनम में सरकारी जमीन पर घर बनाकर वर्षों से रह रहे 28,445 गरीब परिवारों को उनके आवास पर पूर्ण अधिकार दिया जाएगा। उन्होंने सोशल मीडिया मंच X पर पोस्ट कर कहा कि इन परिवारों के दशकों लंबे इंतजार का अंत होने जा रहा है और उनके अपने घर पर मालिकाना हक का सपना पूरा होगा।
नायडू के मुताबिक 11 मंडलों के अंतर्गत 19,33,853 वर्ग गज जमीन का नियमितीकरण कर आवासीय भूखंडों के पट्टे दिए जाएंगे। उन्होंने इस जमीन का मूल्य 8,874 करोड़ रुपये बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह केवल पट्टा वितरण का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि 28 हजार से अधिक परिवारों को उनके आवास पर पूर्ण अधिकार देने का अवसर है।
उन्होंने कहा कि पट्टा मिलने के बाद प्रत्येक परिवार के पास मूल्यवान संपत्ति होगी और भविष्य के लिए सुरक्षा भी बढ़ेगी। इसके साथ बच्चों के लिए विरासत की संपत्ति और परिवारों को आत्मसम्मान तथा भरोसा मिलने की बात भी उन्होंने कही।
नायडू ने कहा कि वह इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए विशाखापत्तनम आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि दशकों से जिस घर पर अधिकार की प्रतीक्षा कर रहे परिवारों के चेहरों पर खुशी देखना सरकार के लिए संतोष का विषय है।