हाइलाइट
• अगले महीने 50 हजार मेधावी छात्राओं को मिलेगी स्कूटी
• छात्रवृत्ति का बजट बढ़कर 6200 करोड़ रुपये हुआ
• नौ वर्षों में चार करोड़ से अधिक बच्चों को लाभ
UP Scholarship: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूर्ववर्ती समाजवादी पार्टी सरकार पर छात्रवृत्ति में अनियमितता का आरोप लगाते हुए कहा कि 2016-17 में अनुसूचित जाति-जनजाति के विद्यार्थियों की छात्रवृत्ति नहीं भेजी गई थी। 2017 में सरकार बनने के बाद पिछली अवधि समेत छात्रवृत्ति जारी की गई। उन्होंने कहा कि पहले करीब 2900 करोड़ रुपये छात्रवृत्ति पर खर्च होते थे, जबकि अब यह राशि बढ़कर 6200 करोड़ रुपये हो गई है।
लखनऊ के लोकभवन में शनिवार को आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने चालू वित्त वर्ष के पूर्वदशम और दशमोत्तर कक्षाओं के 4.60 लाख से अधिक विद्यार्थियों के खातों में 148 करोड़ रुपये से ज्यादा छात्रवृत्ति और शुल्क प्रतिपूर्ति हस्तांतरित की। उन्होंने 11 विद्यार्थियों को मंच पर प्रमाण पत्र भी दिए। योगी ने कहा कि नौ वर्षों में चार करोड़ से अधिक बच्चों को छात्रवृत्ति-शुल्क प्रतिपूर्ति दी गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अब छात्रवृत्ति सीधे विद्यार्थियों के बैंक खातों में पहुंच रही है। इससे बिचौलियों और भ्रष्टाचार पर रोक लगी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कोई भी पात्र विद्यार्थी छात्रवृत्ति से वंचित न रहे और निर्धारित समयसीमा में राशि खाते में पहुंचे। पिछले वर्ष एससी-एसटी वर्ग के करीब चार लाख विद्यार्थी विभिन्न कारणों से लाभ से वंचित रह गए थे, जिनके लिए पोर्टल में सुधार किया गया है।
योगी ने विद्यार्थियों से छात्रवृत्ति की राशि शिक्षा पर खर्च करने की अपील की। उन्होंने कहा कि इससे पाठ्य और संदर्भ पुस्तकें खरीदें तथा महापुरुषों की जीवनियां और ज्ञानवर्धक साहित्य पढ़कर अपना पुस्तक भंडार बढ़ाएं। सरकार दो करोड़ युवाओं को टैबलेट देने की दिशा में काम कर रही है, जिनमें करीब 60 लाख को टैबलेट मिल चुके हैं।
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि अगले महीने 50 हजार मेधावी छात्राओं को स्कूटी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के जरिए युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का अवसर मिल रहा है। साथ ही उन्होंने कहा कि अगले छह महीने में एक लाख और युवाओं को सरकारी नौकरी देने का लक्ष्य है।
उन्होंने कहा कि ऑपरेशन कायाकल्प से स्कूलों में शौचालय, पेयजल, फर्नीचर और अन्य सुविधाएं सुधरी हैं। 18 मंडलों में अटल आवासीय विद्यालयों में 18 हजार बच्चों का प्रवेश हुआ है। योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश अब विकास की सही दिशा में आगे बढ़ रहा है और प्रदेशवासी आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रहे हैं।