दिल्ली। पश्चिम बंगाल विधानसभा के लिए पहले चरण और तमिलनाडु विधानसभा की सभी सीटों के लिए गुरुवार को रिकॉर्ड मतदान हुआ।
विशेषज्ञ इस हाई वोटिंग का अलग अलग तरह से व्याख्या कर रहे हैं। कुछ विशेषज्ञ स्थापित मान्यताओं के मुताबिक़ ज्यादा मतदान को सत्ता के ख़िलाफ़ मतदान बता रहे हैं तो कुछ विशेषज्ञ इसे मतदाताओं की जागरूकता और SIR से जोड़ रहे हैं। लेकिन आखिरी निष्कर्ष चार मई को सामने आएगा जब मतगणना होगी।
प्रधानमत्री नरेन्द्र मोदी से लेकर अन्य नेता मतदाताओं से अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने का सुबह से अपील करते रहे। पीएम ने एक 99 साल के वोटर की तस्वीर रीपोस्ट कर शेयर की जो आजादी से पहले पहली बार वोट डाले थे। वही तस्वीर यहां इस्तेमाल की गई है।
पश्चिम बंगाल में सुबह मतदान शुरू हुआ और शाम पाँच बजे तक के आंकड़े बता रहे हैं कि पिछली बार के मतदान का रिकॉर्ड टूट गया है। अब तक जो आंकड़े मिले हैं उनके मुताबिक़ पस्चिम बंगाल में पहले चरण में 91.46% वोट पड़े हैं। आयोग की तरफ़ से इन आंकड़ों में अगर कोई संशोधन होता है तो थोड़ा-बहुत परिवर्तन हो सकता है लेकिन विशेषज्ञों का कहना है कि करेक्शन के बाद हो सकता है कि वोटिंग का यह आंकड़ा 95% के क़रीब पहुँच जाए।राज्य में पहले चरण में 152 सीटों पर वोट डाले गए।
पश्चिम बंगाल में सुबह वोटिंग शुरू होने के साथ ही वोटरों में उत्साह दिखाई देने लगा। दोपहर एक बजे तक राज्य में 62 % वोटिंग हो गई थी जबकि शाम तीन बजे तक वोटिंग का प्रतिशत 78.77 पर पहुँच चुका था।
जगह-जगह मारपीट
पश्चिम बंगाल में मतदान के दौरान हिंसा की छिटपुट घटनाएं सामने आईं। इसके साथ ही कुछ उम्मीदवारों पर हमले की खबरें और वीडियो सोोसल मीडिया पर सर्कुलेट हुए। निर्वाचन आयोग ने प्रभावित क्षेत्रों के अधिकारियों से घटनाओं के संबंध में रिपोर्ट मांगी है।
मुर्शिदाबाद जिले की विधानसभा सीटों पर भी भारी मतदान का ट्रेंड रहा। लेकिन जिले के नाओदा इलाके में आम जनता उन्नयन पार्टी और सत्तारूढ़ तृणमूल काँग्रेस के समर्थकों के बीच झड़प हो गई। भीड़ को तितर-बितर करने के लिए सुरक्षा बलों को बल प्रयोग करना पड़ा। आम जनता उन्नयन पार्टी के संस्थापक हुमायूं कबीर के एक मतदान केंद्र का दौरा करने के बाद ये घटना हुई।
बीरभूम जिले में बीजेपी के एक उम्मीदवार पर कथित हमले की सूचना है जिसमें उम्मीदवार देवाशीष ओझा का सिर फूट गया। सोशल मीडिया पर एक वीडियो दिखाई दिया जिसमें बीजेपी उम्मीदवार शुवेन्दु सरकार का कुछ लोग पीछा करते और हमला करते दिखाई दिए। हालांकि उनके साथ मौजूद सुरक्षाकर्मी उन्हें बचाकर ले गया। सरकार दक्षिण दिनाजपुर के कुमारगंज में एक मतदान केंद्र पहुंचे थे।
एक अन्य घटना आसनसोल में हुई जहां बीजेपी उम्मीदवार संगमित्रा पॉल के काफिले को कथित तौर पर निशाना बनाया गया जिसमें उनके कार के शीशे टूट गए।
दूसरी तरफ़ तमिलनाडु में भी भारी वोटिंग हुई है। शाम छह बजे तक के आंकड़ों के मुताबिक़ राज्य में 84.29% वोट पड़ चुके थे। राज्य में 234 निर्वाचन क्षेत्रों में लोगों ने वोट डाले। इससे पहले साल 2011 में राज्य में 78.29%, मतदान हुआ था जिसमें एआईडीएमके को जीत मिली थी।