Attack On Ship: भारत ने ओमान के तट के निकट पनामा के ध्वज वाले वाणिज्यिक तेल टैंकर एमटी एल गैया MT L Gaia पर हुए हमले की कड़ी निंदा की है। जहाज पर सवार 14 भारतीय चालक दल के सदस्यों में से 13 को बचा लिया गया है, जबकि एक भारतीय नागरिक की तलाश के लिए खोज एवं बचाव अभियान जारी है।
13 भारतीय सुरक्षित, एक की तलाश जारी
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया मंच X पर कहा कि ओमान के तट पर रविवार को वाणिज्यिक पोत एमटी एल गैया पर हुए हमले की भारत निंदा करता है। उन्होंने बताया कि जहाज पर सवार 14 भारतीयों में से अब तक 13 भारतीयों को सुरक्षित बचा लिया गया है।
उन्होंने कहा कि लापता भारतीय नागरिक की तलाश के लिए खोज एवं बचाव अभियान लगातार चलाया जा रहा है। ओमान स्थित भारतीय दूतावास स्थिति पर करीबी नजर रखे हुए है और बचाव अभियान के लिए ओमानी अधिकारियों के साथ सक्रिय रूप से समन्वय कर रहा है।
तनाव कम करने की अपील
भारत ने ओमानी अधिकारियों द्वारा भारतीय नागरिकों के बचाव में दिए गए सहयोग के लिए आभार जताया। साथ ही क्षेत्र में बढ़े तनाव को तत्काल कम करने और शांति बहाली के लिए संवाद तथा कूटनीति का रास्ता अपनाने की अपील की।
भारत ने कहा कि क्षेत्र में वाणिज्यिक जहाजों, नाविकों, नागरिकों और नागरिक बुनियादी ढांचे को निशाना बनाया जाना अस्वीकार्य है। भारत ने अंतरराष्ट्रीय समुद्री मार्गों पर मुक्त और सुरक्षित नौवहन तथा व्यापारिक गतिविधियों के निर्बाध संचालन को जल्द बहाल करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
भारत सरकार ने कहा कि वह स्थिति पर नजर बनाए हुए है और ओमान के अधिकारियों के साथ समन्वय कर लापता भारतीय नागरिक की तलाश तथा अन्य आवश्यक सहायता के प्रयास जारी रखे हुए है।