Ganesh Chaturthi 2026: गणेश चतुर्थी के मौके पर बॉलीवुड में भी बप्पा की भक्ति का रंग देखने को मिला। फिल्मी सितारों ने अपने घरों में गणपति की स्थापना की और परिवार के साथ इस खास त्योहार को मनाया। सोशल मीडिया पर सामने आई तस्वीरों और वीडियो में किसी के घर पूजा की झलक दिखी तो कहीं पूरा परिवार बप्पा के साथ नजर आया।
सोनू सूद से लेकर अनन्या पांडे, करीना कपूर खान, राजकुमार राव, शरवरी, सुनील शेट्टी, रितेश देशमुख, जेनेलिया डिसूजा, रश्मिका मंदाना, काजोल और शिल्पा शेट्टी तक कई सितारों ने गणेश चतुर्थी के मौके पर अपने सेलिब्रेशन की तस्वीरें शेयर कीं।
सोनू सूद के लिए बप्पा से जुड़ी है 25 साल पुरानी याद
सोनू सूद के गणपति सेलिब्रेशन में इस बार भी पूरा परिवार साथ नजर आया। उन्होंने घर पर भगवान श्री गणेश की पूजा-अर्चना की। सोनू सूद ने भगवान श्री गणेश से अपने पुराने जुड़ाव के बारे में बताया। उनके मुताबिक, करीब 25 सालों से वह गणपति की प्रतिमा अपने घर ला रहे हैं। सोनू सूद ने बताया कि जब वह पंजाब में फिल्म इंडस्ट्री में आने के लिए शुरुआती दिनों में संघर्ष कर रहे थे, तब उन्होंने बप्पा से मुरादें मांगी थीं। अब उनकी मुरादें पूरी हो गई हैं और उनके मुताबिक बप्पा ने उन्हें इस लायक बनाया कि वह जरूरतमंद लोगों की मदद कर सकें।
किसी ने चुना इको-फ्रेंडली तरीका, तो किसी ने परिवार संग की पूजा
गणपति सेलिब्रेशन में इस बार पर्यावरण का ध्यान रखने वाली झलक भी देखने को मिली। करीना कपूर खान ने इको-फ्रेंडली तरीके से गणपति बप्पा का स्वागत किया। उन्होंने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर इस सेलिब्रेशन की तस्वीरें शेयर कीं।

राजकुमार राव और उनकी पत्नी पत्रलेखा ने भी घर पर इको-फ्रेंडली गणपति की मूर्ति बनाई।
वहीं अनन्या पांडे ने अपने माता-पिता चंकी पांडे और भावना पांडे के साथ बप्पा का आशीर्वाद लिया। तीनों हाथ जोड़कर कैमरे के सामने पोज देते नजर आए।
शरवरी से रश्मिका तक, सोशल मीडिया पर दिखी सेलिब्रेशन की झलक
शरवरी ने महाराष्ट्र के मोरगांव स्थित अपने पुश्तैनी घर में परिवार के साथ गणेश चतुर्थी मनाई। उन्होंने इस खास मौके की तस्वीरें शेयर कीं और घर लौटकर परिवार के साथ प्यार और पॉजिटिविटी से त्योहार मनाने की खुशी जाहिर की।
सुनील शेट्टी ने भी अपने घर गणपति बप्पा का स्वागत किया। उन्होंने बप्पा की तस्वीर शेयर करते हुए लिखा कि उनके आने से सब कुछ और भी रोशन और खूबसूरत महसूस होता है। उन्होंने सभी को प्यार, हंसी-खुशी और अपनों के साथ गणेश चतुर्थी मनाने की शुभकामनाएं दीं।
रितेश देशमुख, जेनेलिया डिसूजा और उनके दोनों बेटे भी बप्पा के साथ नजर आए। पूरे परिवार ने मिलकर घर में गणपति का स्वागत किया और साथ में तस्वीरें खिंचवाईं।
रश्मिका मंदाना ने इंस्टाग्राम पर तस्वीर शेयर कर फैंस को गणेश चतुर्थी की शुभकामनाएं दीं। वहीं काजोल भी गणपति बप्पा के साथ नजर आईं।
शिल्पा शेट्टी के घर फिर दिखा ग्रैंड गणपति सेलिब्रेशन
शिल्पा शेट्टी ने भी हर साल की तरह इस बार अपने घर पर गणपति बप्पा का ग्रैंड तरीके से स्वागत किया। उन्होंने सेलिब्रेशन की तस्वीरें शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा- ‘वो वापस आ गए फिर से…गणपति बप्पा मोरेया’.
इन तस्वीरों में शिल्पा शेट्टी अपने पति राज और दोनों बच्चों के साथ नजर आईं।
गणेश चतुर्थी के इस मौके पर कई और बॉलीवुड सितारों ने भी बप्पा का स्वागत किया और सोशल मीडिया के जरिए फैंस को त्योहार की शुभकामनाएं दीं।