उत्तर प्रदेश के औरैया जिले के सहायल थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। नवी मोहन सुख गांव में देर रात अज्ञात हमलावरों ने भेड़ों के झुंड पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। इस हमले में करीब तीन दर्जन भेड़ों की मौत हो गई, जबकि लगभग एक दर्जन भेड़ें गंभीर रूप से घायल बताई जा रही हैं। सूचना मिलते ही पुलिस और पशु चिकित्सक मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया।
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब पांच बजे पशुपालक को घटना का पता चला। बड़ी संख्या में भेड़ें मृत और घायल अवस्था में पड़ी थीं, जिसे देखकर गांव में हड़कंप मच गया। पशु चिकित्सकों की टीम ने तुरंत घायल भेड़ों का इलाज शुरू किया, जबकि पुलिस ने घटनास्थल को घेरकर जांच प्रारंभ कर दी। ग्रामीणों में इस घटना को लेकर भय और आक्रोश का माहौल है।
पीड़ित राम लखन, निवासी नवी मोहन सुख, ने बताया कि उनके पास करीब 70 छोटी-बड़ी भेड़ें थीं, जिनमें से 25 से 30 भेड़ें मृत मिलीं और कई अन्य घायल हैं। उन्होंने बताया कि जहां भेड़ें बंधी थीं, वहां से उनका घर अधिक दूर नहीं है। सुबह जानकारी मिलने पर परिवार स्तब्ध रह गया। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि घटना को किसने अंजाम दिया, लेकिन रंजिश की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा रहा है। इस हमले से पशुपालक को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।
सहायल थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि भेड़ों की गर्दन के नीचे की नस काटी गई है, जिससे उनकी मौत हुई। लगभग 30 भेड़ों के मरने की पुष्टि हुई है, जबकि कई की हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस अज्ञात आरोपियों की तलाश में जुटी है और घटना के पीछे की वजह का पता लगाने का प्रयास कर रही है। गांव में दहशत का माहौल है और ग्रामीण जल्द से जल्द दोषियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।