आम जनता के लिए इस रविवार को भी खुलेंगे सरकारी बैंक, क्यों लेना पड़ा यह बड़ा फैसला?

आम जनता के लिए इस रविवार को भी खुलेंगे सरकारी बैंक, क्यों लेना पड़ा यह बड़ा फैसला?

28 सितंबर से शुरू होने वाली बैंक कर्मचारियों की प्रस्तावित तीन दिवसीय देशव्यापी हड़ताल से पहले ग्राहकों के लिए राहत की खबर है। केंद्र सरकार के वित्त मंत्रालय ने घोषणा की है कि 27 सितंबर 2026, रविवार को देश के सभी सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक (PSBs) और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक (RRBs) सामान्य दिनों की तरह काम करेंगे।

यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) ने 28 से 30 सितंबर तक तीन दिनों की हड़ताल का आह्वान किया है। वीकेंड की छुट्टियों के बाद लगातार तीन दिन की प्रस्तावित हड़ताल को देखते हुए सरकार और भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने रविवार को बैंक शाखाएं खुली रखने का फैसला किया है।

27 सितंबर को बैंक क्यों खुले रहेंगे?

26 और 27 सितंबर को सप्ताहांत की छुट्टियां हैं और इसके तुरंत बाद 28 से 30 सितंबर तक बैंक यूनियनों की हड़ताल प्रस्तावित है। ऐसे में रविवार को बैंक बंद रहने पर बैंकिंग सेवाएं लगातार पांच दिनों तक प्रभावित हो सकती थीं।

ग्राहकों की सुविधा और वित्तीय लेनदेन को सुचारू बनाए रखने के लिए वित्त मंत्रालय के वित्तीय सेवाएं विभाग (डीएफएस) की पहल पर आरबीआई ने विशेष स्वीकृति दी है।

इस मंजूरी के तहत 27 सितंबर को सभी बैंक शाखाएं, प्रशासनिक कार्यालय, एटीएम-लिंक शाखाएं और करेंसी चेस्ट पूरी तरह से कार्यरत रहेंगे। सरकार ने कहा है कि बैंक ग्राहकों की सुविधा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

बैंक कर्मचारी क्यों कर रहे हैं तीन दिन की हड़ताल?

बैंकिंग क्षेत्र के लगभग 90 प्रतिशत कार्यबल का प्रतिनिधित्व करने का दावा करने वाले UFBU ने 28 सितंबर से काम रोको हड़ताल का आह्वान किया है।

कर्मचारी यूनियनों की प्रमुख मांगों में 5-डे बैंकिंग व्यवस्था लागू करना शामिल है। इसके अलावा सभी पेंशनभोगियों के लिए पेंशन राशि में सुधार और अपडेशन की मांग की गई है।

यूनियनों की अन्य मांगों में पेंशनरों के लिए एक समान महंगाई भत्ता (डीए) फॉर्मूला और नेशनल पेंशन सिस्टम (एनपीएस) के तहत आने वाले कर्मचारियों को पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) चुनने का विकल्प देना शामिल है।

30 सितंबर की बैंक क्लोजिंग पर पड़ सकता है असर

सितंबर का आखिरी सप्ताह बैंकिंग क्षेत्र के लिए प्रशासनिक रूप से महत्वपूर्ण है। 30 सितंबर को बैंकों का हाफ-इयरली क्लोजिंग होता है।

इस दौरान रीकंसिलेशन, प्रॉविज़निंग, ट्रेजरी और मार्केट ऑपरेशन्स से जुड़े काम होते हैं। 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित हड़ताल होने की स्थिति में अर्धवार्षिक क्लोजिंग का काम प्रभावित हो सकता है।

इसी को देखते हुए सरकार और बैंक प्रबंधन ने बैंक यूनियनों से हड़ताल स्थगित करने की अपील की है।

ग्राहकों को बैंकों ने क्या सलाह दी?

संभावित हड़ताल से होने वाली परेशानी को देखते हुए सार्वजनिक क्षेत्र के कई बैंकों ने ग्राहकों के लिए दिशानिर्देश जारी किए हैं।

ग्राहकों को लेनदेन के लिए मोबाइल बैंकिंग, इंटरनेट बैंकिंग, एटीएम, यूपीआई और बैंकिंग कॉरेस्पोंडेंट (बीसी प्वाइंट) जैसे डिजिटल माध्यमों का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है।

इसके साथ ही जरूरी बैंकिंग काम और चेक क्लीयरेंस जैसे कार्य हड़ताल शुरू होने से पहले पूरा करने की सलाह दी गई है।

27 सितंबर को ग्राहकों को मिलेगा अतिरिक्त समय

27 सितंबर, रविवार को बैंक खुले रहने से ग्राहकों को प्रस्तावित तीन दिवसीय हड़ताल से पहले अपने जरूरी वित्तीय काम निपटाने के लिए अतिरिक्त समय मिलेगा।

अब सरकार और बैंक प्रबंधन की अपील के बाद बैंक यूनियनें 28 से 30 सितंबर की प्रस्तावित तीन दिवसीय हड़ताल को लेकर क्या फैसला लेती हैं, इस पर नजर रहेगी।