छठ से पहले सम्राट चौधरी का बिहार के 1.09 करोड़ लोगों को तोहफा, खाते में भेजे 1,205 करोड़ रुपये

छठ से पहले सम्राट चौधरी का बिहार के 1.09 करोड़ लोगों को तोहफा, खाते में भेजे 1,205 करोड़ रुपये
हाइलाइट्स
• छठ से पहले 1.09 करोड़ बिहारियों के खाते में पहुंची पेंशन की रकम
• मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने ट्रांसफर किए 1,205.91 करोड़ रुपये
• हर लाभार्थी के खाते में भेजे गए 1,100 रुपये

छठ महापर्व से पहले बिहार के लाखों लोगों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन की राशि मिल गई है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने एक करोड़ 9 लाख लाभार्थियों के बैंक खातों में कुल 1,205.91 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए हैं। इस योजना के तहत प्रत्येक लाभार्थी को 1,100 रुपये दिए गए हैं। यह रकम डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के जरिए सीधे बैंक खातों में भेजी गई है।

पटना स्थित लोक सेवक आवास में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन के लिए पात्र होने के बावजूद योजना का लाभ नहीं ले पा रहे लोगों की पहचान की जाए। ऐसे लोगों को अभियान चलाकर योजना से जोड़ा जाए, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति पेंशन से वंचित न रहे।

बुजुर्गों, विधवा महिलाओं और दिव्यांगजनों को मिलती है पेंशन

बिहार सरकार की सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत बुजुर्गों, विधवा महिलाओं और दिव्यांगजनों को आर्थिक सहायता दी जाती है। इसका उद्देश्य पात्र लाभार्थियों को उनकी रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करने के लिए आर्थिक सहयोग देना है।

योजना की राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी जाती है। पहले इस योजना के तहत हर महीने 400 रुपये पेंशन मिलती थी, लेकिन सरकार ने इसे बढ़ाकर 1,100 रुपये कर दिया है। अब पात्र लाभार्थियों को हर महीने इसी दर से पेंशन दी जाती है।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने X पर दी जानकारी

सामाजिक सुरक्षा पेंशन की रकम ट्रांसफर किए जाने के बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर भी इसकी जानकारी साझा की। उन्होंने इस दिन को 'बिहार पेंशन दिवस' बताया।

मुख्यमंत्री ने अपने पोस्ट में लिखा, ‘10 तारीख, बिहार पेंशन दिवस! आज बिहार के वृद्धजनों, दिव्यांगजनों एवं विधवा बहनों सहित 1 करोड़ से अधिक सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों के बैंक खातों में प्रति लाभार्थी ₹1,100 की दर से कुल ₹1,205.91 करोड़ की राशि DBT के माध्यम से हस्तांतरित की। सामाजिक सुरक्षा, जनकल्याण और समावेशी विकास- यही हमारा संकल्प है।’