"अखिलेश यादव 12 नहीं, 6 दिसंबर को अयोध्या जाएं" पंकज चौधरी ने रामभक्तों की हत्या का जिक्र कर कसा तंज

"अखिलेश यादव 12 नहीं, 6 दिसंबर को अयोध्या जाएं" पंकज चौधरी ने रामभक्तों की हत्या का जिक्र कर कसा तंज
हाइलाइट्स
• पंकज चौधरी बोले- अखिलेश यादव 12 नहीं, 6 दिसंबर को राम मंदिर जाएं
• भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने रामभक्तों की हत्या के लिए माफी मांगने को कहा
• अखिलेश यादव 12 दिसंबर को पत्नी डिंपल के साथ करेंगे रामलला के दर्शन

समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे की घोषणा के बाद उत्तर प्रदेश में राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा है कि उन्हें 12 दिसंबर के बजाय 6 दिसंबर को राम मंदिर जाना चाहिए। उन्होंने रामभक्तों की हत्या का जिक्र करते हुए अखिलेश से माफी मांगने की मांग भी की है।

पंकज चौधरी ने मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर सपा प्रमुख के प्रस्तावित राम मंदिर दौरे पर सवाल उठाए। उन्होंने लिखा, ‘अगर भगवान श्री राम पर ये नया पैंतरा नहीं, सच्चा पश्चाताप है! तो 12 नहीं, 6 दिसंबर को राम मंदिर जाइए। जिन सैकड़ों रामभक्तों की हत्या कराई। उस महापाप पर माफ़ी मांगिये। मत समझिये कि आपके पुराने पाप धुल जाएंगे, बल्कि इस रामभक्ति के स्वांग से बचा-खुचा अस्तित्व भी गंवाएंगे।’

चुनाव से पहले रामलला की याद आने पर भी उठाए सवाल

पंकज चौधरी इससे पहले भी अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे को लेकर टिप्पणी कर चुके हैं। उन्होंने कहा था कि विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही सपा प्रमुख को रामलला के दर्शन की याद आने लगती है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने सवाल उठाया था कि आखिर चुनाव से ठीक पहले ही अखिलेश यादव को रामलला की याद क्यों आई। उनका कहना था कि अखिलेश को राम मंदिर जाकर दर्शन जरूर करने चाहिए, लेकिन सनातन धर्म और हिंदू आस्था को लेकर उनके पुराने बयानों और राजनीतिक रुख पर भी जवाब देना चाहिए।

उन्होंने यह भी कहा था कि केवल चुनाव के समय मंदिर जाना और बाकी समय सनातन धर्म पर सवाल उठाना जनता के मन में सवाल खड़े करता है।

12 दिसंबर को अयोध्या जाएंगे अखिलेश यादव

अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे की जानकारी सपा के पूर्व विधायक पवन पांडे ने दी थी। अयोध्या से समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक पवन पांडे ने बीते शनिवार को बताया था कि अखिलेश यादव 12 दिसंबर को राम मंदिर में दर्शन करने जाएंगे।

पवन पांडे के मुताबिक, अखिलेश यादव अपनी पत्नी डिंपल यादव के साथ राम मंदिर के अलावा अयोध्या स्थित हनुमानगढ़ी मंदिर में भी दर्शन करेंगे। उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में इस कार्यक्रम की जानकारी दी थी। इस घोषणा के बाद उत्तर प्रदेश की राजनीति में हलचल तेज हो गई है।

मुलायम सिंह यादव के फैसले का सपा सांसद ने किया बचाव

इस बीच बलिया से समाजवादी पार्टी के सांसद सनातन पांडेय ने 1990 में अयोध्या में कारसेवकों पर गोली चलवाने के तत्कालीन मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के फैसले का बचाव किया है।

सोमवार को उन्होंने कहा कि मुलायम सिंह यादव ने वही किया था, जो संविधान की रक्षा के लिए जरूरी था।