नए सेंसर बोर्ड में सुनील शेट्टी, प्रीती जिंटा, पंकज त्रिपाठी शामिल

नए सेंसर बोर्ड में सुनील शेट्टी, प्रीती जिंटा, पंकज त्रिपाठी शामिल
हाइलाइट्स:

• 18 सदस्यों के साथ केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड का पुनर्गठन
• केंद्र सरकार ने तत्काल प्रभाव से जारी की अधिसूचना
• तीन साल या अगले आदेश तक रहेगा नया बोर्ड
• फिल्म जगत की कई प्रमुख हस्तियां समिति में शामिल
• सिनेमेटोग्राफ अधिनियम के तहत किया गया पुनर्गठन

CBFC New Panel Members List: केंद्र सरकार ने केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड CBFC का पुनर्गठन कर दिया है। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने 16 सितंबर 2026 को इस संबंध में अधिसूचना जारी की। पुनर्गठित बोर्ड में फिल्म, संगीत, साहित्य और कला समेत विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े 18 सदस्यों को शामिल किया गया है।

नया बोर्ड तत्काल प्रभाव से तीन साल की अवधि या अगले आदेश तक, जो भी पहले हो, प्रभावी रहेगा। पुनर्गठित सेंसर बोर्ड में अभिनेता सुनील शेट्टी, अभिनेत्री प्रीती जिंटा, गायक हंसराज हंस, अभिनेता पंकज त्रिपाठी, अभिनेत्री पल्लवी जोशी जैसी शख्सियतें शामिल हैं। 

18 सदस्यीय बोर्ड में फिल्म जगत की हस्तियां

पुनर्गठित बोर्ड में विनोद अनुपम, मनोज जोशी, अभिषेक जैन, रिकी केज, प्रियदर्शन, सुनील शेट्टी, हंसराज हंस, सुप्रिया यारलागड्डा, यतींद्र मिश्र, रूपाली गांगुली, प्रीति जिंटा, नीला माधव पांडा, पंकज त्रिपाठी, प्रसेनजीत चटर्जी, पल्लवी जोशी, निशिगंधा वाड, वामन केन्द्रे और रमेश पतंगे को सदस्य बनाया गया है।

फिल्मों के प्रमाणन की जिम्मेदारी

CBFC भारत में सार्वजनिक प्रदर्शन के लिए फिल्मों के प्रमाणन की वैधानिक संस्था है। बोर्ड फिल्मों को निर्धारित प्रमाणन श्रेणियों के तहत प्रमाणपत्र जारी करता है। इसके गठन और कार्यप्रणाली का कानूनी आधार सिनेमैटोग्राफ अधिनियम, 1952 तथा उससे जुड़े नियम हैं।

केंद्र सरकार ने सिनेमैटोग्राफ अधिनियम, 1952 की धारा 3 की उपधारा (1) के तहत प्राप्त शक्तियों और सिनेमैटोग्राफ (प्रमाणन) नियमावली, 2024 के नियम 3 के साथ पठित प्रावधानों के आधार पर बोर्ड का पुनर्गठन किया है। नई व्यवस्था के तहत नामित सदस्य प्रमाणन प्रक्रिया से संबंधित बोर्ड के दायित्वों के निर्वहन में भूमिका निभाएंगे। मंत्रालय की ओर से जारी अधिसूचना के साथ ही नए बोर्ड का कार्यकाल प्रभावी हो गया है।