रांची। झारखंड के सात साल के तैराक इशांक ने चुनौतीपूर्ण माने जाने वाले समुद्री मार्गों में एक पाक स्ट्रेट को पार कर अपना नाम रिकॉर्ड बुक में दर्ज करा लिया।
इस तैराक ने 30 अप्रैल, 2026 को श्रीलंका के तलाई मन्नार से भारत के धनुषकोडी तक पाक जलडमरूमध्य के खतरनाक जल में लगभग 29 किलोमीटर की दूरी तैरकर तय की। इस यात्रा को उसने 9 घंटे और 50 मिनट में पूरा किया।

तेज़ धाराओं, अप्रत्याशित ज्वार और विशाल खुले समुद्र से जूझते हुए, सात वर्षीय बच्चे ने अपनी उम्र से कहीं अधिक असाधारण साहस के साथ हर चुनौती का सामना किया।
इस उपलब्धि के साथ, इशांक आधिकारिक तौर पर पाक जलडमरूमध्य को पार करने वाले विश्व के सबसे कम उम्र के तैराक बन गए हैं। उन्होंने एक नया विश्व रिकॉर्ड बनाया है और रांची तथा पूरे देश को अपार गौरव दिलाया है।
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इशांक की इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए सोशल मीडिया एक्स पर लिखा ‘असाधारण प्रतिभा’। उन्होंने कहा कि महज 7 वर्ष की उम्र में झारखंड से नन्हे इशांक ने श्रीलंका और भारत के बीच 29 किमी लंबे Palk Strait को पार कर ऐतिहासिक पल अपने नाम किया है।
इशांक की यह सफलता अनुशासन और लक्ष्य के प्रति अटूट समर्पण का अद्भुत उदाहरण है। उन्होंने न सिर्फ झारखंड, बल्कि पूरे देश का मान बढ़ाया है।
सोरेन के साथ ही कई अन्य लोग सोशल मीडिया पर इशांक की उपलब्धि तस्वीरों के साथ साझा कर रहे हैं और नन्हें तैराक को बधाई दे रहे हैं।