उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को गोरखपुर के वनटांगिया गांव में दिवाली मनाई। इस दौरान उन्होंने पूर्व की सरकारों पर वनटांगिया समुदाय की अनदेखी करने का आरोप लगाया। मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान श्रीराम ने 14 वर्ष वनवास में बिताए थे, जबकि वनटांगिया समुदाय के लोगों और उनके पूर्वजों को अंग्रेजों, कांग्रेस और समाजवादी पार्टी की सरकारों ने एक सदी से अधिक समय तक जंगलों में भटकने के लिए छोड़ दिया। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश में ऐसे 56 गांव थे, जिनकी सुध लेने वाला कोई नहीं था।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि देश को 1947 में आजादी मिलने के बावजूद वनटांगिया गांवों के लोगों को लंबे समय तक इसका वास्तविक लाभ नहीं मिला। वे बुनियादी सुविधाओं और सरकारी योजनाओं से वंचित रहे। हालांकि, अब इन गांवों की स्थिति में बदलाव आया है और लोगों को जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
70 साल तक बुनियादी सुविधाओं से दूर रहे वनटांगिया परिवार
मुख्यमंत्री ने कहा कि वनटांगिया गांवों में रहने वाले परिवारों को दशकों तक सड़क, बिजली, पेयजल, स्कूल और स्वास्थ्य सेवाओं जैसी सुविधाएं नहीं मिलीं। सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ भी उन तक नहीं पहुंच पाता था। हालात ऐसे थे कि इन परिवारों के नाम मतदाता सूची में भी शामिल नहीं थे।
उन्होंने कहा कि अब वनटांगिया समुदाय के लोग मतदाता बन चुके हैं। उन्हें जरूरी सुविधाओं के साथ सरकारी योजनाओं का लाभ भी मिल रहा है। इस तरह समुदाय के लोग विकास की मुख्यधारा से जुड़ रहे हैं।
2017 के बाद वनटांगिया गांवों को मिला राजस्व गांव का दर्जा
योगी आदित्यनाथ ने बताया कि वर्ष 2017 के बाद वनटांगिया गांवों को राजस्व गांव का दर्जा दिया गया और उन्हें विकास की मुख्यधारा में शामिल किया गया। अब इन गांवों में पक्के मकान, सड़क, बिजली, पेयजल और स्कूल जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं। परिवारों को राशन कार्ड और सरकारी योजनाओं का लाभ भी मिल रहा है।
मुख्यमंत्री ने समुदाय के लोगों से अपील की कि वे अपने संघर्ष और गांवों में आए बदलाव की कहानी अगली पीढ़ी को जरूर बताएं।
अयोध्या में जय श्रीराम बोलने पर रोक का किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले अयोध्या में जय श्रीराम बोलने पर प्रतिबंध लगाया जाता था और राम मंदिर के विरोध में लोग खड़े होते थे। उस समय विपक्षी दल कहते थे कि राम हुए ही नहीं। उन्होंने आरोप लगाया कि आज वही लोग अयोध्या को बदनाम करने में लगे हैं।
योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने के बाद विकास कार्यों को गति मिली है। सड़क, बिजली, एयरपोर्ट और रेलवे की सुविधाओं का विस्तार हुआ है।
नशे और जुए से दूर रहने की अपील
मुख्यमंत्री ने दीपावली के अवसर पर लोगों से खुशियां साझा करने और नशे तथा जुए से दूर रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि नशा परिवारों को बर्बाद करता है, जबकि जुआ व्यक्ति को गुलाम बना देता है।
योगी ने बताया कि माफिया के खिलाफ कार्रवाई के बाद अब नशे के कारोबार में शामिल लोगों पर भी प्रहार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि दूसरों का जीवन बर्बाद करने वालों को आबाद नहीं रहने दिया जाएगा।
युवाओं से अच्छी पढ़ाई करने की अपील करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि रोजगार और नौकरी की गारंटी सरकार लेगी।
यूपी की 25 करोड़ आबादी को एक परिवार मानते हैं योगी
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि किसी के लिए गांधी-नेहरू परिवार और किसी के लिए सैफई परिवार ही सब कुछ है, लेकिन उनके लिए उत्तर प्रदेश की 25 करोड़ आबादी एक परिवार है।
उन्होंने कहा कि सरकार जाति और क्षेत्र के आधार पर भेदभाव किए बिना गरीब, दलित, पिछड़े और वंचित वर्गों को योजनाओं से जोड़ रही है। वनटांगिया परिवारों को वोट बैंक नहीं, बल्कि अपने परिवार का हिस्सा मानकर सुविधाएं दी गई हैं। मुख्यमंत्री ने कहा, 'हमारे लिए रामकाज और राष्ट्रकाज एक ही है।'
लाभार्थियों को उपहार और प्रमाणपत्र देकर किया सम्मानित
वनटांगिया गांव में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को उपहार और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने विभागीय स्टालों का निरीक्षण भी किया।
कार्यक्रम में योगी आदित्यनाथ ने बच्चों का अन्नप्राशन कराया और गर्भवती महिलाओं की गोदभराई की। इसके बाद वह वनटांगिया गांव के मुखिया रामगणेश के घर पहुंचे और दीप जलाकर दीपोत्सव की शुरुआत की। मुख्यमंत्री ने गांव के लोगों से मुलाकात की और उन्हें दीपावली की शुभकामनाएं दीं।