SCO Summit 2026: बिश्केक में हुए शंघाई सहयोग संगठन (SCO) समिट की एक ग्रुप फोटो को लेकर पाकिस्तान के प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) की ओर से शेयर की गई तस्वीर चर्चा में है। पाकिस्तान PMO ने SCO नेताओं की ग्रुप फोटो का क्रॉप किया हुआ वर्जन सोशल मीडिया पर पोस्ट किया, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, ईरान के राष्ट्रपति और कुछ अन्य नेताओं को हटा दिया गया।
क्रॉप की गई तस्वीर में पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ को ग्रुप के बीच में दिखाया गया। वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से पोस्ट की गई तस्वीर में पूरा ग्रुप नजर आ रहा है, जिसमें शहबाज शरीफ भी शामिल हैं। यह तस्वीर मंगलवार को बिश्केक में आयोजित SCO शिखर सम्मेलन के दौरान ली गई थी।
पाकिस्तान ने पोस्ट की क्रॉप की गई तस्वीर

SCO नेताओं की मूल ग्रुप फोटो में 10 सदस्य देशों के नेता एक साथ पोज देते हुए दिखाई दे रहे हैं। लेकिन पाकिस्तान के PMO की ओर से पोस्ट किए गए वर्जन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, ईरान के राष्ट्रपति और कुछ अन्य नेताओं को क्रॉप करके हटा दिया गया।
इस तस्वीर को इस तरह फ्रेम किया गया कि शहबाज शरीफ ग्रुप के बीच में दिखाई दें। इससे तस्वीर में उनकी स्थिति मूल फोटो से अलग नजर आई।
पीएम मोदी की फोटो से सामने आई पूरी तस्वीर

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से पोस्ट की गई असली तस्वीर में पूरा ग्रुप दिखाई देता है। इससे साफ हुआ कि मूल तस्वीर में शहबाज शरीफ दाईं ओर से चौथे स्थान पर खड़े थे।
यानी पाकिस्तान PMO की ओर से शेयर की गई क्रॉप तस्वीर में ग्रुप की संरचना मूल तस्वीर से अलग दिखाई गई थी।
फेसबुक वीडियो से भी हटाए गए पीएम मोदी
मामला केवल ग्रुप फोटो तक सीमित नहीं रहा। फेसबुक पर शहबाज शरीफ के आधिकारिक अकाउंट से बिश्केक में SCO नेताओं की राउंडटेबल मीटिंग का एक वीडियो भी शेयर किया गया, जिसमें पीएम मोदी को हटा दिया गया।
हालांकि, सोशल मीडिया यूजर्स ने इन तस्वीरों और वीडियो को लेकर प्रतिक्रिया दी। कई लोगों ने पाकिस्तान के प्रोपेगैंडा का जवाब देने के लिए पूरे परिवार की तस्वीर भी पोस्ट की।
तस्वीर को लेकर सोशल मीडिया पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं
कुछ लोगों ने तस्वीर में शहबाज शरीफ के हाथों में भीख का कटोरा भी दिखाया। यह पाकिस्तान के प्रधानमंत्री के उस पुराने बयान की याद दिलाता है, जिसमें उन्होंने कहा था कि उन्हें आर्थिक मदद के लिए दुनिया भर में घूमना पड़ा था।