राजधानी दिल्ली के ईस्ट ऑफ कैलाश इलाके में एक बेहद सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया है। जानकारी के अनुसार, एक आईआरएस अधिकारी की 22 वर्षीय बेटी की उनके ही घर में हत्या कर दी गई। यह घटना अमर कॉलोनी थाना क्षेत्र के कैलाश हिल्स इलाके की है। पुलिस के मुताबिक, घटना बुधवार सुबह की है जब आईआरएस अधिकारी अपनी पत्नी के साथ रोजाना की तरह करीब 5:30 बजे मॉर्निंग वॉक पर निकले थे। जब वे वापस लौटे तो उन्होंने अपनी बेटी को घर के अंदर अचेत अवस्था में पाया। परिवार ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और युवती को अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवती की हत्या मोबाइल के चार्जिंग केबल से गला घोंटकर की गई है। इसके अलावा पुलिस को यह भी आशंका है कि हत्या से पहले युवती के साथ यौन उत्पीड़न किया गया हो सकता है। हालांकि, इस बात की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगी। इस घटना के बाद पुलिस ने आसपास के इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में एक संदिग्ध व्यक्ति घर में प्रवेश करता हुआ नजर आया। जब यह फुटेज परिवार को दिखाया गया तो उन्होंने उस व्यक्ति की पहचान घर के पूर्व नौकर राहुल के रूप में की। पुलिस के अनुसार, राहुल करीब 8 महीने तक इस घर में काम कर चुका था।
बताया जा रहा है कि राहुल को करीब डेढ़ महीने पहले उसके खराब व्यवहार और पैसों की हेराफेरी के आरोपों के चलते नौकरी से निकाल दिया गया था। पुलिस को शक है कि उसने बदला लेने की नीयत से इस वारदात को अंजाम दिया। फिलहाल राहुल फरार है और उसकी तलाश के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं। दिल्ली के ईस्ट ऑफ कैलाश इलाके में 22 वर्षीय युवती की हत्या से सनसनी फैल गई। प्रारंभिक जांच में मोबाइल चार्जिंग केबल से गला घोंटने की बात सामने आई है। पुलिस को पूर्व नौकर पर शक है और उसकी तलाश जारी है।
पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू से जांच की जा रही है। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से सबूत जुटाए हैं। अधिकारियों का दावा है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इस घटना ने इलाके में डर और आक्रोश का माहौल पैदा कर दिया है। स्थानीय लोग सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठा रहे हैं। पुलिस ने लोगों को भरोसा दिलाया है कि जल्द ही आरोपी को पकड़कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।