दिशा सालियान मौत मामले में CBI ने दर्ज की FIR, उद्धव ठाकरे और आदित्य ठाकरे समेत कई नाम शामिल

दिशा सालियान मौत मामले में CBI ने दर्ज की FIR, उद्धव ठाकरे और आदित्य ठाकरे समेत कई नाम शामिल

Disha Salian Case: सुशांत सिंह राजपूत की पूर्व मैनेजर दिशा सालियान की मौत के करीब छह साल पुराने मामले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने FIR दर्ज कर ली है। बॉम्बे हाईकोर्ट के आदेश के बाद हुई इस कार्रवाई में शिवसेना (UBT) प्रमुख उद्धव ठाकरे, उनके बेटे आदित्य ठाकरे समेत कई नाम शामिल किए गए हैं। अब इस मामले की जांच केंद्रीय एजेंसी नए सिरे से करेगी।

बॉम्बे हाईकोर्ट के आदेश के बाद CBI ने शुरू की जांच

बॉम्बे हाईकोर्ट की जस्टिस सारंग कोटवाल और जज रंजीतसिंह राजा भोंसले की बेंच ने दो सितंबर को दिशा सालियान की मौत की जांच CBI को सौंपने का आदेश दिया था। कोर्ट ने CBI को जांच के लिए एक अनुभवी और सीनियर अधिकारी नियुक्त करने का भी निर्देश दिया था।

दिशा सालियान की 8 जून 2020 को मुंबई के मलाड इलाके में एक आवासीय इमारत की 12वीं मंजिल से गिरने के बाद मौत हो गई थी। उनकी मौत के करीब एक सप्ताह बाद 14 जून 2020 को सुशांत सिंह राजपूत अपने अपार्टमेंट में मृत पाए गए थे। दोनों घटनाओं के बीच संभावित संबंध को लेकर इसके बाद अटकलें लगने लगी थीं।

मुंबई पुलिस की जांच और क्लोजर रिपोर्ट पर सवाल

सुशांत सिंह राजपूत की मौत के बाद हुए हंगामे के बीच महाराष्ट्र सरकार ने मामले की CBI जांच का आदेश दिया था। CBI ने बाद में ‘क्लोजर रिपोर्ट’ दाखिल करते हुए सुशांत सिंह राजपूत की मौत को आत्महत्या बताया था।

दूसरी ओर, दिशा सालियान की मौत के मामले में मुंबई पुलिस ने दुर्घटनावश हुई मौत मानते हुए ADR दर्ज की थी। बॉम्बे हाईकोर्ट ने इस पर सवाल उठाते हुए मामले की जांच CBI को सौंपने का निर्देश दिया।

कोर्ट ने मुंबई पुलिस को जांच में लापरवाही को लेकर भी फटकार लगाई। छह साल तक मामले को केवल दुर्घटनावश हुई मौत के रूप में देखने और FIR दर्ज नहीं करने पर पुलिस की आलोचना की गई। कोर्ट ने जांच में ‘स्पष्ट विसंगतियों’ की ओर भी इशारा किया था।

दिशा सालियान के पिता ने CBI जांच की मांग की थी

दिशा सालियान के पिता ने बॉम्बे हाईकोर्ट में अर्जी दाखिल कर आरोप लगाया था कि उनकी बेटी के साथ रेप और मर्डर हुआ है। उन्होंने मामले की CBI जांच की मांग की थी। सालियान के पिता ने शिवसेना (UBT) नेता आदित्य ठाकरे के खिलाफ भी FIR दर्ज करने की मांग की थी।

CBI की FIR में कई नाम शामिल

CBI की ओर से दर्ज FIR में शिवसेना (UBT) प्रमुख उद्धव ठाकरे, आदित्य ठाकरे, रोहन रॉय, डिनो मोरिया, सूरज पंचोली, आदित्य ठाकरे के बॉडीगार्ड, रिया चक्रवर्ती, शोविक चक्रवर्ती, सचिन वाज़े, परमबीर सिंह, डीसीपी विशाल ठाकुर, अनिल देशमुख, एपीआई अशोक देवधे और पीआई जगदेव कलापद समेत कई नाम शामिल हैं।

इसके अलावा मालवणी पुलिस स्टेशन के संबंधित अधिकारी, पोस्टमार्टम में देरी के लिए जिम्मेदार डॉक्टर और स्टाफ़, रीजेंट गैलेक्सी बिल्डिंग के सिक्योरिटी गार्ड और SIT के सीनियर सदस्यों के नाम भी FIR में शामिल हैं। इनमें वे सभी सीनियर पुलिस अधिकारी शामिल हैं।

इन सभी पर मामले को दबाने की कोशिश और सरकारी रिकॉर्ड में हेर-फेर करने के आरोप लगे हैं। अब दिशा सालियान मौत मामले में FIR दर्ज होने के बाद CBI पूरे घटनाक्रम की नए सिरे से पड़ताल करेगी।