मतगणना केंद्र में जाने के लिए QR कोड वाला फोटो पहचानपत्र अनिवार्य

Date: 2026-04-30
news-banner

दिल्ली। भारत निर्वाचन आयोग ने मतगणना केंद्रों में किसी भी अनाधिकृत व्यक्ति के प्रवेश की संभावना को समाप्त करने के लिए ECINET पर क्यूआर QR कोड आधारित फोटो पहचान पत्र मॉड्यूल शुरू किया है।

असम, केरल, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल और पुडुचेरी की विधानसभाओं के चुनावों की 4 मई, 2026 को होने वाली मतगणना से यह व्यवस्था लागू की जाएगी। इसके बाद आने वाले समय में लोकसभा और विधानसभाओं के लिए जो भी चुनाव होंगे उनमें यही व्यवस्था लागू की जाएगी।

मतगणना केंद्रों पर पहचान सत्यापन के लिए तीन स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था तय की गई है। पहले और दूसरे स्तर पर मतगणना अधिकारी फोटो पहचान पत्रों की भौतिक (मैन्युअल) रूप से जांच करेंगे। मतगणना हॉल के पास स्थित तीसरे और सबसे भीतरी सुरक्षा घेरे में QR  कोड स्कैनिंग के माध्यम से सत्यापन के बाद ही प्रवेश की अनुमति दी जाएगी।

QR कोड आधारित नए फोटो पहचान पत्र उन व्यक्तियों के लिए लागू होंगे जिन्हें चुनाव आयोग द्वारा मतगणना केंद्रों और हॉलों में प्रवेश करने के लिए अधिकृत किया गया है जिनमें रिटर्निंग ऑफिसर, सहायक रिटर्निंग ऑफिसर, मतगणना कर्मचारी, तकनीकी कर्मी, उम्मीदवार, चुनाव एजेंट और मतगणना एजेंट आदि शामिल हैं।

जिला निर्वाचन अधिकारियों और मतगणना अधिकारियों को इस प्रणाली के प्रभावी कार्यान्वयन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं करने का निर्देश दिया गया है।

Leave Your Comments