बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सीएम पद छोड़ने वाले हैं. उनके इस्तीफे से पहले केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी भावुक दिख रहे हैं. सोमवार को जीतन राम मांझी ने अपने एक्स हैंडल से नीतीश कुमार का एक वीडियो पोस्ट करते हुए अपने दिल की बात कही है.
जीतन राम मांझी ने कहा, "नीतीश जी, अगले चौबीस घंटे में आप बिहार के मुख्यमंत्री पद को छोड़ देंगे. सबको पता है कि आपका यह ख्वाब था कि आप देश के चारों सदनों के सदस्य रहें पर आपके इस ख्वाब ने करोड़ों दिलों को रूला दिया है."
'हर बिहारी कह रहा है… वी विल मिस यू'
जीतन राम मांझी ने पोस्ट में आगे लिखा है, "नीतीश जी, बिहार ने कई मुख्यमंत्रियों को आते-जाते देखा है पर शायद ये पहला मौका है जब आपके मुख्यमंत्री पद छोड़ने की बातों से ही करोड़ों लोगों की आंखों में आंसू भर आएं हैं. भले ही मुख्यमंत्री पद को छोड़ने का फैसला आपका अपना फैसला है जिसपर कोई सवाल नहीं खड़ा कर सकता पर बिहार आज गमजदा है. हर बिहारी कह रहा है… वी विल मिस यू नीतीश जी… आप महामानव हैं, बिहार आपके बिना अधूरा है."
बता दें कि जीतन राम मांझी को भी एक बार नीतीश कुमार मुख्यमंत्री बना चुके हैं. अब जब नीतीश कुमार यह पद छोड़ने वाले हैं तो मांझी भावुक हो गए हैं. नीतीश कुमार की तारीफ में उन्होंने काफी कुछ कहा है. मांझी के साथ-साथ जेडीयू के कार्यकर्ता और नेता भी दुखी हैं. हालांकि सबका यही कहना है कि नीतीश कुमार का अपना फैसला होता है और उसे कोई बदल नहीं सकता है.
इस पूरे घटनाक्रम के बीच एक बात साफ है कि नीतीश कुमार का फैसला सिर्फ एक राजनीतिक बदलाव नहीं, बल्कि बिहार की राजनीति में एक बड़े युग के अंत जैसा माना जा रहा है। उनके नेतृत्व में राज्य ने कई उतार-चढ़ाव देखे, लेकिन उनकी छवि एक स्थिर और अनुभवी नेता की रही।
वहीं जीतन राम मांझी समेत तमाम नेताओं और कार्यकर्ताओं की भावनाएं यह दिखाती हैं कि यह विदाई सिर्फ सत्ता से नहीं, बल्कि एक लंबे राजनीतिक रिश्ते से भी जुड़ी है।
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि नीतीश कुमार के बाद बिहार की राजनीति किस दिशा में जाएगी और क्या कोई नेता उनकी जगह उस भरोसे को कायम रख पाएगा। फिलहाल, बिहार की सियासत एक अहम मोड़ पर खड़ी है, जहां अतीत की विरासत और भविष्य की चुनौती आमने-सामने है।