PNB लोन घोटाले का भगोड़ा आरोपी मेहुल चोकसी बेल्जियम में गिरफ्तार

Authored By: News Corridors Desk | 14 Apr 2025, 01:30 PM
news-banner
पंजाब नेशनल बैंक (PNB) लोन घोटाले का मुख्य आरोपी और भगोड़ा हीरा कारोबारी मेहुल चोकसी को 12 अप्रैल 2025 को बेल्जियम में गिरफ्तार कर लिया गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, चोकसी को CBI की अपील पर गिरफ्तार किया गया और फिलहाल वह बेल्जियम की जेल में है। चोकसी को भारतीय एजेंसियों ने ट्रैक किया और लोकेट करने के बाद इंटरपोल के जरिए कार्रवाई की गई।

एंटीगुआ से फरार होकर बेल्जियम पहुँचा था

मेहुल चोकसी साल 2021 के अंत में एंटीगुआ से फरार होकर बेल्जियम पहुंच गया था। वह वहां अपनी पत्नी प्रीति चोकसी के साथ एंटवर्प में रह रहा था। रिपोर्ट्स के अनुसार, प्रीति के पास बेल्जियम की नागरिकता है, और मेहुल के पास भी ‘एफ रेजीडेंसी कार्ड’ था। बताया जा रहा है कि चोकसी ने इलाज के बहाने बेल्जियम का रुख किया था।

गिरफ्तारी के बाद अब भारत सरकार मेहुल चोकसी के प्रत्यर्पण की तैयारी कर रही है। हालांकि, चोकसी के वकील अदालत में उसकी सेहत और कानूनी दलीलों के आधार पर जमानत की कोशिश कर रहे हैं। एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि चोकसी ने भारत में प्रत्यर्पण से बचने के लिए झूठे दस्तावेजों के ज़रिए बेल्जियम में निवास की कोशिश की थी।

 13,500 करोड़ रुपये का बैंक घोटाला

मेहुल चोकसी पर पंजाब नेशनल बैंक से 13,500 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप है। चोकसी ने गीतांजलि जेम्स के नाम पर फर्जी लेन-देन कर करोड़ों की रकम हड़प ली थी। घोटाले का खुलासा होते ही वह अपने भतीजे नीरव मोदी के साथ जनवरी 2018 में भारत से भाग गया था।

घोटाले के सामने आने से पहले ही मेहुल चोकसी ने एंटीगुआ की नागरिकता हासिल कर ली थी। 2021 में जब वह क्यूबा जा रहा था, तब उसे डोमिनिका में गिरफ्तार किया गया था। उस वक्त चोकसी ने कहा था कि उसके खिलाफ यह राजनीतिक साजिश है और प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने उसकी संपत्तियों को अवैध रूप से जब्त किया है।

 भारत के लिए क्या मायने रखती है यह गिरफ्तारी?
   
मेहुल चोकसी की गिरफ्तारी भारत के लिए कानूनी और राजनीतिक तौर पर बड़ी सफलता मानी जा रही है। यदि उसका प्रत्यर्पण सफल होता है, तो यह भारत की भगोड़ों के खिलाफ कार्रवाई के लिए एक मिसाल बनेगा। इससे पहले नीरव मोदी भी लंदन में गिरफ्तार हो चुका है और उसके प्रत्यर्पण पर भी कार्यवाही चल रही है।