पूर्व सपा विधायक गुड्डू पंडित का पत्नी के बाल घसीटकर पीटते हुए वीडियो वायरल

पूर्व सपा विधायक गुड्डू पंडित का पत्नी के बाल घसीटकर पीटते हुए वीडियो वायरल

Uttar Pradesh: बुलन्दशहर से सपा के पूर्व विधायक गुड्डू पंडित और उनकी पत्नी अर्चना पांडा का मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। जानकारी के अनुसार यह घटना दो सितंबर की है। वीडियो में दोनों के बीच मारपीट होती दिखाई दे रही है।

वायरल वीडियो में क्या दिखा?

वीडियो में अर्चना पांडा जमीन पर गिरी नजर आ रही हैं, जबकि गुड्डू पंडित उनके साथ मारपीट करते दिखाई देते हैं। इसी दौरान अर्चना को झाड़ू मिलती है और वह भी झाड़ू से गुड्डू पंडित को पीटती नजर आती हैं। इसके बाद वह कमरे से बाहर निकलकर चिल्लाते हुए अपना गुस्सा जाहिर करती हैं।

कौन हैं अर्चना पांडा और गुड्डू पंडित?

अर्चना पांडा कांग्रेस नेता और गुड्डू पंडित की तीसरी पत्नी हैं। वह कांग्रेस महिला सभा की प्रदेश उपाध्यक्ष भी हैं। वहीं, गुड्डू पंडित सपा विधायक रहे हैं। दोनों नेता अगले साल होने वाले यूपी विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारी कर रहे हैं।

गुड्डू पंडित पर इससे पहले भी कई तरह के आरोप लगते रहे हैं। अक्टूबर 2023 में बुलन्दशहर के अनूपशहर की विशेष MP-MLA कोर्ट ने 2011 के एक मामले में उन्हें दोषी ठहराते हुए 14 महीनों के लिए जेल भेज दिया था।

2011 के मामले में क्यों हुई थी जेल?

साल 2011 में गुड्डू पंडित पर एक उम्मीदवार को चुनाव नहीं लड़ने का दबाव बनाने का आरोप लगा था। उन्होंने विपक्षी उम्मीदवार को कई बार धमकी दी थी। फोन पर दी गई धमकी को पीड़ित ने रिकॉर्ड कर लिया था। इसी आधार पर बाद में गुड्डू पंडित को दोषी ठहराया गया।

मामले के अनुसार, उन्होंने पीड़ित से चुनाव नहीं लड़ने को कहा था और बात नहीं मानने पर पुलिस एनकाउंटर कराने की धमकी भी दी थी।

2011 में दर्ज हुई थी शिकायत

हलपुरा निवासी राकेश शर्मा ने 2011 में कोतवाली थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। उनका आरोप था कि वह डिबाई विधानसभा सीट से विधायक गुड्डू पंडित के खिलाफ प्रचार-प्रसार कर रहे थे। राकेश शर्मा के मुताबिक यह बात गुड्डू पंडित को पसंद नहीं आई और उन्होंने चुनाव में खड़ा न होने का दबाव बनाया।

उनका आरोप था कि बात नहीं मानने पर गुड्डू पंडित ने पुलिस एनकाउंटर करवाने की धमकी दी थी।