उत्तराखंड के पिथौरागढ़ में भूकंप के झटके महसूस किए गए। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी के अनुसार, दोपहर 12:51 बजे आए इस भूकंप की तीव्रता 3.7 दर्ज की गई। इसका केंद्र पिथौरागढ़ में जमीन से 11 किलोमीटर नीचे था। इस घटना में कहीं कोई नुकसान नहीं हुआ।
उत्तराखंड को भूकंप की दृष्टि से बेहद संवेदनशील जोन में रखा गया
उत्तराखंड को भूकंप के लिहाज से अति संवेदनशील जोन-छह में शामिल किया गया है। इससे पहले राज्य के जिलों को भूकंपीय संवेदनशीलता के आधार पर जोन चार और पांच में बांटा गया था।
भारतीय मानक ब्यूरो ने डिजाइन भूकंपीय जोखिम संरचनाओं के भूकंपरोधी डिजाइन के मानदंड रीति संहिता-2025 में नया भूकंपीय क्षेत्रीकरण मानचित्र जारी किया है। इस मानचित्र में उत्तराखंड समेत अन्य हिमालयी राज्यों को जोन छह में रखा गया है।
निर्माण कार्यों में सतर्कता बरतने की जरूरत
वैज्ञानिकों के अनुसार, उत्तराखंड को बेहद संवेदनशील भूकंपीय क्षेत्र में रखे जाने के बाद पूरे राज्य में निर्माण कार्यों को लेकर लोगों को अधिक सजग रहना होगा। भूकंपरोधी डिजाइन के मानदंडों को ध्यान में रखना इस लिहाज से महत्वपूर्ण है।