Gurugram Hit & Run Case: गुरुग्राम के गोल्फ कोर्स रोड पर महिला बाइक राइडर शिवानी चौहान उर्फ सिया की बाइक को कार से टक्कर मारने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। CCTV फुटेज के विश्लेषण के बाद केस में BNS की धारा 109 जोड़ दी गई है, जो हत्या के प्रयास से जुड़ी है। पुलिस के मुताबिक इस धारा के तहत दोषी पाए जाने पर 10 साल तक की सजा हो सकती है।
मामले में आरोपी कल्याण बैंसला को राजस्थान के दौसा से हिरासत में लिया गया है। उसकी तलाश में गुरुग्राम पुलिस ने तीन टीमें लगाई थीं, जिनमें से एक टीम राजस्थान पहुंची थी।
CCTV फुटेज से जांच में आया नया मोड़
गोल्फ कोर्स रोड की घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद गुरुग्राम पुलिस ने स्वतः संज्ञान लिया था। इसके बाद थाना सेक्टर-56 में केस दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान घटनास्थल और आसपास लगे कैमरों की फुटेज को बारीकी से देखा गया। पुलिस के मुताबिक CCTV से सामने आए तथ्यों के आधार पर BNS की धारा 109 को केस में जोड़ा गया।
दौसा से हिरासत में लिया गया कल्याण बैंसला
पुलिस के मुताबिक आरोपी की पहचान कल्याण बैंसला के तौर पर हुई है। घटना रविवार सुबह करीब 8 बजे की है। उस समय शिवानी चौहान उर्फ सिया अपने दोस्तों के साथ बाइकिंग कर रही थीं।
गोल्फ कोर्स रोड पर आरोपी ने कार से उनकी बाइक को साइड से टक्कर मार दी। टक्कर के बाद सिया बाइक समेत सड़क पर काफी दूर तक घिसटती चली गईं। पूरी घटना उनकी बाइक में लगे कैमरे में रिकॉर्ड हो गई थी।
घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था। पुलिस की तीन टीमें उसकी तलाश में जुटी थीं और एक टीम राजस्थान पहुंची, जहां दौसा से उसे हिरासत में लिया गया।
सिया ने वीडियो शेयर कर लगाए गंभीर आरोप
घटना का वीडियो सिया ने खुद सोशल मीडिया पर शेयर किया था। वीडियो सामने आने के बाद मामला तेजी से वायरल हुआ और पुलिस ने इसका स्वतः संज्ञान लिया।
बाद में सिया ने एक और वीडियो शेयर कर आरोपी पर गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना है कि आरोपी काफी दूर से उनका पीछा कर रहा था और इसके बाद जानबूझकर उनकी बाइक को कार से टक्कर मारी।
सिया के मुताबिक इस घटना में उनकी जान भी जा सकती थी। उनका कहना है कि वीडियो में टक्कर जानबूझकर मारे जाने की बात साफ दिखाई देती है।
जिस कार से टक्कर हुई, वह आरोपी के दोस्त की थी
जांच में सामने आया कि जिस कार से सिया की बाइक को टक्कर मारी गई, वह मनीष नाम के व्यक्ति की है। बताया गया है कि मनीष आरोपी कल्याण बैंसला का दोस्त है।
मनीष के मुताबिक कल्याण ने उससे झूठ बोलकर कार ली थी। इसके बाद इसी कार से गोल्फ कोर्स रोड पर सिया की बाइक को टक्कर मारी गई।
पलवल का रहने वाला है कल्याण बैंसला
पुलिस के मुताबिक कल्याण बैंसला हरियाणा के पलवल का रहने वाला है। वह पलवल में जिम चलाता है। बताया गया है कि वह खुद को पहलवान और कबड्डी खिलाड़ी भी बताता है।
घटना के बाद वह फरार हो गया था, जिसके बाद पुलिस की तीन टीमें उसकी तलाश में लगाई गईं। बाद में उसे दौसा से हिरासत में ले लिया गया।
गुरुग्राम पुलिस ने कहा है कि कानून से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।