Hathnikund Barrage में सेना की मोटर बोट हादसे का शिकार, 2 जवान लापता

Hathnikund Barrage में सेना की मोटर बोट हादसे का शिकार, 2 जवान लापता

हरियाणा-हिमाचल सीमा पर हथनीकुंड बैराज क्षेत्र में सेना की एक्सरसाइज के दौरान यमुना नदी में बड़ा हादसा हो गया। बाढ़ बचाव की प्रैक्टिस के दौरान सेना की मोटर बोट डेंजर जोन की तरफ चली गई और तेज बहाव के बीच पलटकर नदी में डूब गई। हादसे के बाद 1 से 2 जवानों के लापता होने की आशंका जताई जा रही है।

सूचना मिलते ही सेना, पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं और नदी में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। कुछ जवान तैरकर सुरक्षित बाहर निकल आए, जबकि लापता जवान की तलाश जारी है।

एक्सरसाइज के दौरान डेंजर जोन में पहुंची नाव

हथनीकुंड बैराज क्षेत्र में सेना की "वन पैरा स्पेशल फोर्स" के जवान एक्सरसाइज कर रहे थे। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक इसी दौरान सेना की मोटर बोट यमुना नदी के डेंजर जोन में चली गई।

तेज बहाव के बीच नाव हादसे का शिकार होकर पानी में डूब गई। इसके बाद सेना के कुछ जवान नदी में फंस गए। जानकारी के मुताबिक तीन जवान करीब 600 मीटर तक तैरकर सुरक्षित बाहर निकल आए। वहीं एक जवान के तेज बहाव में लापता होने की सूचना है।

नदी में सर्च ऑपरेशन जारी

हादसे की जानकारी मिलते ही हरियाणा और उत्तर प्रदेश पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। एसडीआरएफ यमुनानगर और अन्य रेस्क्यू टीमों को भी तलाश अभियान में लगाया गया।

काफी प्रयास के बाद सेना की डूबी हुई मोटर बोट को पानी से बाहर निकाल लिया गया है। हालांकि लापता जवान की तलाश अभी भी जारी है और नदी में तेज बहाव के बीच सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

कितने जवान लापता हैं?

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार 1 से 2 जवानों के लापता होने की आशंका है। हालांकि हादसे में कुल कितने जवान प्रभावित हुए हैं, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

प्रतापनगर पुलिस ने इसे देश की सुरक्षा से जुड़ा मामला बताते हुए विस्तृत जानकारी देने से इनकार किया है। हादसा किस वजह से हुआ, इसकी भी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।