ईरान-अमेरिका युद्ध का असर : मेलोनी ने लिया नया फैसला

ईरान-अमेरिका युद्ध का असर : मेलोनी ने लिया नया फैसला

ईरान अमेरिका युद्ध की वजह से आ रही परेशानियों का मुकाबला करने के लिए ईटली की प्रधानमंत्री जार्जिया मेलोनी लगातार फैसले ले रही हैं।

युद्ध की वजह से ईटली में ईंधन की बढ़ती कीमतों और महँगाई से जनता को परेशानी उठानी पड़ रही है। इटली सरकार ने मंगलवार को इस संबंध में फैसला लिया।

मेलोनी ने सोशल मीडिया पर लिखा, ‘आज, मंत्रिपरिषद ने कई महत्वपूर्ण उपायों को मंज़ूरी दी।इनमें से, हमने ईंधन की ऊंची कीमतों से निपटने वाले उपायों को 25 अगस्त तक बढ़ा दिया है।’

इसमें कहा गया,

हम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जटिल बनी हुई इस स्थिति के दौरान कीमतों में बढ़ोतरी के असर को कम करने के लिए अपनी भूमिका निभाने की कोशिश कर रहे हैं। 25 अगस्त से, स्लाइडिंग-स्केल एक्साइज ड्यूटी मैकेनिज्म फिर से लागू हो जाएगा; हम आगे किसी भी कार्रवाई की ज़रूरत का आकलन करने के लिए इस पर बारीकी से नज़र रखना जारी रखेंगे।

इसके अलावा सरकार ने कई अन्य फैसले लिए जिनमें शिक्षकों की स्थाई भर्ती प्रमुख है। मंत्रिपरिषद ने आने वाले अकेडेमिक सेशन के लिए स्थायी भर्ती को भी मंज़ूरी दी । इटली सरकार 46,642 शिक्षक भर्ती करेगी जिनमें 10,810 विशेष शिक्षा शिक्षक शामिल होंगे। इसके साथ ही स्कूल प्रिंसिपल, शैक्षिक कर्मचारी, धर्म शिक्षक और प्रशासनिक, तकनीकी और सहायक कर्मचारी भी भर्ती किये जाएंगे।

इन भर्तियों के बारे में मेलोनी ने कहा, ‘यह एक महत्वपूर्ण निवेश है जो हमारे स्कूलों में लगभग 11,000 नए विशेष शिक्षा शिक्षक लाएगा, जिससे शिक्षा की निरंतरता बेहतर होगी, समावेशिता मज़बूत होगी और दिव्यांग छात्रों को वह सहायता मिलेगी जिसके वे हकदार हैं।