आईपीएल 2027 से पहले मुंबई इंडियंस और पंजाब किंग्स के बीच बड़ी ट्रेड डील को आधिकारिक मंजूरी मिल गई है। इस बदलाव के तहत हार्दिक पांड्या मुंबई इंडियंस से पंजाब किंग्स में चले गए हैं, जबकि पंजाब के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह अब मुंबई की टीम का हिस्सा होंगे। दोनों खिलाड़ियों की नई सैलरी का भी ऐलान कर दिया गया है।
हार्दिक पांड्या को पंजाब किंग्स में अब 18 करोड़ रुपये मिलेंगे। वहीं, अर्शदीप सिंह को मुंबई इंडियंस इतनी ही रकम यानी 18 करोड़ रुपये देगी। इस ट्रेड के बाद सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या हार्दिक को पंजाब की कप्तानी भी सौंपी जाएगी या वह श्रेयस अय्यर के नेतृत्व में खेलेंगे।
हार्दिक पांड्या और अर्शदीप सिंह की टीमों में अदला-बदली
मुंबई इंडियंस और पंजाब किंग्स के बीच हुई इस डील में दोनों टीमों ने एक-एक खिलाड़ी का ट्रेड किया है। हार्दिक पांड्या अब पंजाब किंग्स के लिए खेलेंगे, जबकि अर्शदीप सिंह मुंबई इंडियंस की जर्सी में नजर आएंगे।
मुंबई इंडियंस में हार्दिक को 16.35 करोड़ रुपये मिल रहे थे। पंजाब किंग्स में जाने के बाद उनकी सैलरी बढ़कर 18 करोड़ रुपये हो गई है। दूसरी ओर, अर्शदीप सिंह को मुंबई इंडियंस की तरफ से 18 करोड़ रुपये दिए जाएंगे।
दूसरी बार मुंबई इंडियंस से अलग हुए हार्दिक पांड्या
हार्दिक पांड्या ने अपने आईपीएल करियर की शुरुआत मुंबई इंडियंस के साथ साल 2015 में की थी। कई सीजन तक टीम का हिस्सा रहने के बाद आईपीएल 2022 से पहले उन्हें रिलीज कर दिया गया था। इसके बाद वह गुजरात टाइटंस में शामिल हुए और टीम की कप्तानी संभाली।
गुजरात टाइटंस ने हार्दिक की कप्तानी में अपने पहले ही सीजन में आईपीएल का खिताब जीत लिया। इसके बाद साल 2023 में भी टीम फाइनल तक पहुंची। साल 2024 में हार्दिक की मुंबई इंडियंस में वापसी हुई और उन्हें रोहित शर्मा की जगह टीम की कप्तानी सौंपी गई।
हालांकि, उनकी कप्तानी में टीम का प्रदर्शन लगातार खराब रहा। अब दूसरी बार हार्दिक ने मुंबई इंडियंस का साथ छोड़ दिया है और आईपीएल 2027 में पंजाब किंग्स के लिए खेलते नजर आएंगे।
अर्शदीप सिंह पहली बार छोड़ेंगे पंजाब किंग्स का साथ
अर्शदीप सिंह ने साल 2019 में पंजाब किंग्स के साथ अपने आईपीएल करियर की शुरुआत की थी। तब से लेकर अब तक वह इसी टीम के लिए खेल रहे थे। अब पहली बार उनकी टीम बदली है और वह मुंबई इंडियंस में शामिल हो गए हैं।
पिछले आठ सीजन में अर्शदीप सिंह ने पंजाब किंग्स के लिए 96 मैच खेले और 111 विकेट हासिल किए। वह पंजाब के लिए अब तक सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज भी हैं। आईपीएल 2027 में वह मुंबई की ओर से खेलते दिखाई देंगे।
क्या पंजाब किंग्स की कप्तानी करेंगे हार्दिक पांड्या?
फिलहाल पंजाब किंग्स की कप्तानी श्रेयस अय्यर के पास है। हार्दिक पांड्या के टीम में शामिल होने के बाद उनकी भूमिका को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। हालांकि, पंजाब किंग्स की ओर से श्रेयस अय्यर की कप्तानी को लेकर कोई नया ऐलान न हीं किया गया है।
ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि हार्दिक पंजाब किंग्स में केवल खिलाड़ी के तौर पर खेलेंगे या उन्हें कप्तानी समेत कोई दूसरी जिम्मेदारी भी दी जाएगी। आने वाले दिनों में टीम को लेकर कुछ और बड़े ऐलान होने की संभावना है।