मुंबई इंडियंस ने आईपीएल 2027 के लिए अपने कप्तान का ऐलान कर दिया है। फ्रेंचाइजी ने शुक्रवार (27 नवंबर) को रोहित शर्मा को दोबारा टीम की कमान सौंपने की आधिकारिक घोषणा की। करीब तीन सीजन बाद रोहित फिर कप्तान की भूमिका में नजर आएंगे। 2024 सीजन से पहले उनसे यह जिम्मेदारी लेकर हार्दिक पांड्या को सौंपी गई थी, लेकिन अब हार्दिक के पंजाब किंग्स में जाने के बाद मुंबई ने अपने सबसे सफल कप्तानों में शामिल रोहित पर भरोसा जताया है।
हार्दिक पांड्या हाल ही में ट्रेड के जरिए पंजाब किंग्स में शामिल हुए हैं। उनके बदले पंजाब के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह मुंबई इंडियंस का हिस्सा बने हैं। हार्दिक के जाने के बाद फ्रेंचाइजी के सामने नए कप्तान को चुनने का सवाल था, जिसका जवाब अब रोहित शर्मा के रूप में मिल गया है।
कप्तानी में वापसी पर क्या बोले रोहित शर्मा?
दोबारा कप्तान बनाए जाने पर रोहित शर्मा ने खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि मुंबई इंडियंस उनकी जिंदगी का अहम हिस्सा रही है और इस टीम की अगुवाई करना हमेशा उनके लिए गर्व की बात रही है।
रोहित ने कहा, 'मुंबई इंडियंस मेरी जिंदगी का बहुत बड़ा हिस्सा रही है। इस टीम की अगुवाई करना हमेशा मेरे लिए गर्व की बात रही है। आने वाले सीजन को लेकर नीता भाभी और आकाश के साथ बातचीत काफी उत्साहजनक रही है। मुझे पूरा विश्वास है कि हम इस सीजन में अच्छा प्रदर्शन कर सकते हैं।'
उन्होंने कहा कि वह 20वें सीजन की चुनौतियों के लिए तैयार हैं। उनका लक्ष्य प्रशंसकों को जश्न मनाने के कई मौके देना है। रोहित के मुताबिक, टीम अपने अंदाज में क्रिकेट खेलेगी, एकजुट होकर मुकाबला करेगी और खेल का आनंद लेगी।
आकाश अंबानी ने रोहित की वापसी पर क्या कहा?
मुंबई इंडियंस के मालिक आकाश अंबानी ने भी रोहित को फिर से कप्तान बनाए जाने पर खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि टीम के ऐतिहासिक 20वें सीजन में रोहित को ब्लू एंड गोल्ड की अगुवाई करते देखना उनके लिए बेहद खुशी की बात है।
आकाश अंबानी ने रोहित और टीम के प्रशंसकों यानी पलटन के बीच के रिश्ते को खास बताया। उन्होंने कहा कि आगामी सीजन को लेकर हुई बातचीत में बेहतर प्रदर्शन करने और नई उपलब्धियां हासिल करने को लेकर उत्साह और महत्वाकांक्षा नजर आई।
उन्होंने आगे कहा कि रोहित के अनुभव और नेतृत्व क्षमता के साथ जिस तरह की टीम तैयार की जा रही है, उससे नए सीजन को लेकर काफी उम्मीदें हैं। टीम ऐसा क्रिकेट खेलना चाहती है, जिससे पलटन को गर्व महसूस हो और प्रशंसकों के साथ यादगार पल बनाए जा सकें।
रोहित की कप्तानी में मुंबई इंडियंस ने जीते पांच IPL खिताब
रोहित शर्मा मुंबई इंडियंस के सबसे सफल कप्तानों में गिने जाते हैं। उन्होंने 2013 सीजन के बीच में रिकी पोंटिंग से कप्तानी की जिम्मेदारी संभाली थी। उसी साल उनकी अगुवाई में मुंबई ने पहली बार आईपीएल ट्रॉफी जीती। इसके बाद टीम ने चैंपियंस लीग टी20 का खिताब भी अपने नाम किया।
रोहित की कप्तानी में मुंबई इंडियंस ने 2015, 2017, 2019 और 2020 में भी आईपीएल खिताब जीते। इस तरह उनकी अगुवाई में टीम पांच बार चैंपियन बनी। वह एमएस धोनी के साथ आईपीएल इतिहास में पांच खिताब जीतने वाले कप्तानों में शामिल हैं।
खास बात यह रही कि रोहित की कप्तानी में मुंबई इंडियंस ने कभी आईपीएल फाइनल नहीं गंवाया। टीम ने 2017 में राइजिंग पुणे सुपरजायंट और 2019 में चेन्नई सुपर किंग्स को सिर्फ एक रन से हराकर ट्रॉफी अपने नाम की थी।
ऐसा रहा रोहित का कप्तानी रिकॉर्ड
रोहित ने 2013 से 2023 तक लगातार 11 सीजन में मुंबई इंडियंस की कप्तानी की। इस दौरान उन्होंने कुल 158 मुकाबलों में टीम का नेतृत्व किया। इनमें मुंबई को 87 मैचों में जीत मिली, जबकि 67 मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा। चार मैच टाई रहे।
हार्दिक पांड्या को कप्तान बनाने पर हुआ था विवाद
मुंबई इंडियंस ने आईपीएल 2024 से पहले रोहित शर्मा को कप्तानी से हटाकर हार्दिक पांड्या को टीम की कमान सौंपी थी। हार्दिक को गुजरात टाइटंस से ट्रेड के जरिए मुंबई में शामिल किया गया था। इससे पहले उन्होंने गुजरात को उसके पहले ही सीजन यानी 2022 में चैंपियन बनाया था।
हालांकि, मुंबई के इस फैसले से टीम के प्रशंसक नाराज हो गए थे। हार्दिक को कई मैदानों पर दर्शकों की हूटिंग का सामना करना पड़ा। इसमें मुंबई का घरेलू मैदान वानखेड़े स्टेडियम भी शामिल था।
हार्दिक की कप्तानी में मुंबई का 2024 सीजन बेहद खराब रहा। टीम 14 में से सिर्फ चार मुकाबले जीत सकी और अंक तालिका में आखिरी स्थान पर रही।
2025 में वापसी, लेकिन 2026 में फिर निराशाजनक प्रदर्शन
आईपीएल 2025 में मुंबई इंडियंस ने अपने प्रदर्शन में सुधार किया। शुरुआती खराब प्रदर्शन के बाद टीम प्लेऑफ में पहुंची और चौथे स्थान पर रहते हुए एलिमिनेटर में गुजरात टाइटंस को हराया। हालांकि, क्वालिफायर-2 में पंजाब किंग्स के खिलाफ उसे हार का सामना करना पड़ा।
इसके बाद 2026 में टीम का प्रदर्शन फिर निराशाजनक रहा। खिताब की दावेदार मानी जा रही मुंबई इंडियंस 14 मुकाबलों में केवल चार जीत हासिल कर सकी और नौवें स्थान पर रही। हार्दिक की कप्तानी के तीन सीजन में यह दूसरा मौका था, जब टीम निचले दो स्थानों में रही।
अर्शदीप सिंह के आने से मजबूत होगा मुंबई का गेंदबाजी आक्रमण
11 नवंबर को हार्दिक पांड्या के पंजाब किंग्स में जाने और अर्शदीप सिंह के मुंबई इंडियंस में शामिल होने की आधिकारिक पुष्टि हुई थी। अर्शदीप के आने से मुंबई के तेज गेंदबाजी आक्रमण को मजबूती मिलने की उम्मीद है। वह अब जसप्रीत बुमराह के साथ टीम की गेंदबाजी की जिम्मेदारी संभालेंगे।
रोहित शर्मा के सामने अब आईपीएल 2027 की नीलामी को ध्यान में रखते हुए एक मजबूत टीम तैयार करने की चुनौती होगी। इसके लिए उन्हें टीम के नए मुख्य कोच और अपने पूर्व साथी कायरन पोलार्ड के साथ मिलकर रणनीति बनानी होगी।
मुंबई इंडियंस पिछले छह सीजन से आईपीएल खिताब नहीं जीत सकी है। ऐसे में रोहित की कप्तानी में वापसी से फ्रेंचाइजी और प्रशंसकों को एक बार फिर खिताबी सफलता की उम्मीद होगी।