Jay Shah ICC Chairman: जय शाह लगातार दूसरी बार बने आईसीसी अध्यक्ष, निर्विरोध हुआ चयन; जानें आगे का प्लान

Jay Shah ICC Chairman: जय शाह लगातार दूसरी बार बने आईसीसी अध्यक्ष, निर्विरोध हुआ चयन; जानें आगे का प्लान
हाइलाइट्स
• जय शाह लगातार दूसरी बार निर्विरोध आईसीसी अध्यक्ष चुने गए।
• बाली में आईसीसी बोर्ड की बैठक में दूसरे कार्यकाल पर लगी मुहर।
• लॉस एंजिलिस ओलंपिक 2028 में क्रिकेट की वापसी पर रहेगा खास जोर।

जय शाह को लगातार दूसरी बार अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) का अध्यक्ष चुना गया है। इंडोनेशिया के बाली में आयोजित आईसीसी बोर्ड की बैठक में निदेशकों के प्रस्ताव के बाद उनके दूसरे कार्यकाल को मंजूरी दी गई। जय शाह का चयन निर्विरोध हुआ है। दोबारा जिम्मेदारी मिलने के बाद उन्होंने क्रिकेट के वैश्विक विस्तार, खिलाड़ियों के लिए नए अवसर और लॉस एंजिलिस ओलंपिक 2028 में क्रिकेट की वापसी को लेकर अपनी योजनाएं साझा कीं।

आईसीसी बोर्ड ने जय शाह पर फिर जताया भरोसा

आईसीसी बोर्ड ने जय शाह के नेतृत्व पर भरोसा जताते हुए उन्हें एक और कार्यकाल की जिम्मेदारी सौंपी है। क्रिकेट इस समय वैश्विक स्तर पर विस्तार, प्रशंसकों की बढ़ती संख्या और व्यावसायिक विकास के नए दौर से गुजर रहा है।

लॉस एंजिलिस ओलंपिक 2028 में क्रिकेट की वापसी को भी खेल के लिए बड़ा अवसर माना जा रहा है। इसके अलावा, आईसीसी ने अपनी प्रतियोगिताओं के दीर्घकालिक कार्यक्रम का विस्तार किया है। इससे खिलाड़ियों को अधिक अवसर देने और क्रिकेट के विकास के नए रास्ते खोलने की योजना है।

आईसीसी बोर्ड ने क्रिकेट की बुनियादी संरचना को मजबूत बनाने, महिला क्रिकेट को आगे बढ़ाने और एसोसिएट सदस्य देशों के लिए अवसर बढ़ाने की प्रतिबद्धता भी दोहराई। इसके साथ ही अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पारदर्शिता और विश्वसनीयता बनाए रखने तथा खेल के लिए बेहतर व्यावसायिक अवसर विकसित करने पर जोर दिया गया।

दूसरी बार अध्यक्ष चुने जाने पर क्या बोले जय शाह?

दूसरे कार्यकाल के लिए चुने जाने पर जय शाह ने आईसीसी बोर्ड के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि बोर्ड ने उन पर जो भरोसा दिखाया है, उससे वह बेहद सम्मानित महसूस कर रहे हैं। सभी निदेशकों के लगातार समर्थन और विश्वास के लिए उन्होंने धन्यवाद भी दिया।

जय शाह ने कहा कि आईसीसी चेयरमैन के रूप में काम करना उनके लिए सम्मान के साथ एक बड़ी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने दुनिया भर में क्रिकेट के हितों को आगे बढ़ाने के लिए सभी सदस्य देशों के साथ मिलकर काम करने की प्रतिबद्धता जताई।

उन्होंने कहा कि क्रिकेट अपने इतिहास के सबसे महत्वपूर्ण और रोमांचक दौर में प्रवेश कर रहा है। लॉस एंजिलिस 2028 ओलंपिक में इस खेल की वापसी से क्रिकेट को नए दर्शकों तक पहुंचाने का मौका मिलेगा। साथ ही इससे खिलाड़ियों और प्रशंसकों की नई पीढ़ी को प्रेरित करने में मदद मिलेगी।

सिर्फ टूर्नामेंट आयोजित करना जिम्मेदारी नहीं: जय शाह

जय शाह ने क्रिकेट के भविष्य को लेकर कहा कि आईसीसी की जिम्मेदारी केवल सफल टूर्नामेंट आयोजित करने तक सीमित नहीं है। खेल के लिए ऐसा मजबूत भविष्य तैयार करना जरूरी है, जिसमें प्रशंसकों, खिलाड़ियों, व्यावसायिक साझेदारों और अन्य प्रमुख हितधारकों के हितों का ध्यान रखा जाए।

उन्होंने कहा कि क्रिकेट की सबसे बड़ी ताकत लोगों को एक साथ जोड़ने की क्षमता है। बोर्ड और सदस्य देशों के सहयोग से आईसीसी का ध्यान अपनी योजनाओं को जमीन पर उतारने और ऐसी प्रगति सुनिश्चित करने पर रहेगा, जिसका लाभ आने वाली पीढ़ियों को भी मिले।

जय शाह ने अपने दूसरे कार्यकाल में क्रिकेट के वैश्विक विकास, महिला क्रिकेट को बढ़ावा देने, एसोसिएट देशों के लिए अवसर बढ़ाने और खेल की मजबूत विरासत तैयार करने पर जोर दिया है।