आंदोलन पर बोले हेमंत सोरेन, बातचीत को दरवाजे खुले

आंदोलन पर बोले हेमंत सोरेन, बातचीत को दरवाजे खुले

झारखंड में जेपीएससी JPSC और जेएसएससी JSSC परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और पेपर लीक के खिलाफ रांची में छात्रों का आंदोलन के बीच मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा है कि पेपर लीक राष्ट्रीय समस्या है लेकिन उनकी सरकार इस मामले पर पूरी गंभीरता के साथ काम कर रही है।

सोरेन ने सोशल मीडिया X पर कहा कि संबंधित एजेंसियाँ दिन-रात जांच कर रही हैं और दोषियों को जेल भी भेजा रहा है। ‘लेकिन हमारा उद्देश्य केवल जांच करना नहीं, बल्कि मेरे युवा साथियों को ठोस समाधान concrete solution देना है।’

मुख्यमंत्री ने आश्वस्त करते हुए कहा, ‘झारखंड सरकार के दरवाजे हमेशा सभी के लिए खुले रहते हैं। जिन छात्रों या अभ्यर्थियों की कोई भी मांग या सुझाव है, वे अपनी बात राज्य सरकार के समक्ष रख सकते हैं। मेरे युवा साथियों की प्रत्येक बात को पूरी गंभीरता से सुना जाएगा।’

आपको बता दें कि आंदोलनकारी परीक्षा रद्द करने, पूरी पारदर्शिता बरतने और मामले की जांच सीबीआई CBI से कराने की मांग कर रहे हैं। इस बीच जेपीएससी के चेयरमैन इस्तीफा दे चुके हैं और सीआईडी जांच के तहत गिरफ्तारियां भी हुई हैं।