- अगले 5 साल में 1 लाख युवा अमेरिकी जाएंगे चीन, ट्रंप से सहयोग पर जोर
|
Xi Jinping Trump meeting: चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने अगले पांच वर्षों में 1 लाख युवा अमेरिकियों को चीन आमंत्रित करने का ऐलान किया है। उन्होंने यह घोषणा गुरुवार को व्हाइट हाउस में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से आयोजित स्वागत समारोह में की। कार्यक्रम में ट्रंप, शी जिनपिंग, अमेरिका की प्रथम महिला मेलानिया ट्रंप और चीन की प्रथम महिला पेंग लियुआन भी मौजूद रहीं।
2023 के लक्ष्य से आगे बढ़ा चीन
शी जिनपिंग ने बताया कि वर्ष 2023 में सैन फ्रांसिस्को में उन्होंने पांच वर्षों के भीतर 50,000 युवा अमेरिकियों को चीन बुलाने का प्रस्ताव रखा था। यह लक्ष्य निर्धारित समय से पहले ही इस वर्ष पूरा हो गया। अब चीन ने अगले पांच वर्षों में 1 लाख और युवा अमेरिकियों को अध्ययन और विभिन्न आदान-प्रदान कार्यक्रमों के लिए आमंत्रित करने की योजना सामने रखी है।
युवाओं को बताया संबंधों का आधार
शी ने कहा कि चीन और अमेरिका के संबंधों का भविष्य दोनों देशों के युवाओं के हाथों में है। उनके मुताबिक, युवाओं के बीच शैक्षणिक, सांस्कृतिक और अन्य स्तरों पर संपर्क बढ़ने से दोनों देशों के लोगों के बीच आपसी समझ और संबंध मजबूत हो सकते हैं। उन्होंने चीन-अमेरिका संबंधों में लोगों के बीच संपर्क को बढ़ावा देने पर जोर दिया।
मतभेदों के बीच संवाद और सहयोग पर जोर
चीनी राष्ट्रपति ने कहा कि दोनों देशों को एक-दूसरे को बेहतर ढंग से समझने के लिए संचार मजबूत करना चाहिए, मतभेदों को अलग रखते हुए साझा हितों की तलाश करनी चाहिए और आपसी विश्वास बढ़ाना चाहिए। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के हित गहराई से जुड़े हुए हैं और सहयोग की काफी संभावनाएं मौजूद हैं।
एआई और शांति पर भी संदेश
शी जिनपिंग ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) के क्षेत्र में भी चीन और अमेरिका के बीच सहयोग की जरूरत बताई। उन्होंने कहा कि दोनों देशों में AI को अच्छे उद्देश्य के लिए विकसित और प्रबंधित करने की क्षमता और जिम्मेदारी है। साथ ही उन्होंने दोनों देशों से शांतिपूर्ण सह-अस्तित्व बनाए रखने तथा संघर्ष और टकराव से बचने की अपील की। उन्होंने कहा कि वह राष्ट्रपति ट्रंप के साथ मिलकर चीन-अमेरिका संबंधों को स्थिर दिशा में आगे बढ़ाने के लिए काम करने को तैयार हैं।