खेसारी लाल यादव के शो में फेंकी गई चप्पल, सांसद पप्पू यादव ने दी कार्रवाई की चेतावनी

खेसारी लाल यादव के शो में फेंकी गई चप्पल, सांसद पप्पू यादव ने दी कार्रवाई की चेतावनी
हाइलाइट्स
• खेसारी लाल यादव के शो में अचानक फेंकी गई चप्पल
• खेसारी ने मंच से तंज कसते हुए दिया जवाब
• पप्पू यादव बोले- चप्पल फेंकने वाले को जल्द ढूंढेंगे

भोजपुरी स्टार खेसारी लाल यादव पूर्णिया के खुर्दा वार्षिक महोत्सव में अपनी परफॉर्मेंस के दौरान एक अप्रिय घटना का सामना करना पड़ा। जब वह मंच पर गाना गा रहे थे, तभी भीड़ में से किसी ने उनकी ओर चप्पल फेंक दी। इस घटना के बाद खेसारी ने अपनी परफॉर्मेंस रोक दी और मंच से प्रतिक्रिया दी। वहीं, कार्यक्रम में मौजूद सांसद पप्पू यादव भी इस हरकत से नाराज हो गए और चप्पल फेंकने वाले को तलाशने की चेतावनी दी।

खुर्दा महोत्सव में परफॉर्मेंस के दौरान हुई घटना

पूर्णिया में आयोजित खुर्दा वार्षिक महोत्सव में खेसारी लाल यादव भी शामिल हुए थे। कार्यक्रम में उनकी संगीतमय और जोश से भरी प्रस्तुति चल रही थी। इसी दौरान भीड़ में से किसी ने उनकी तरफ चप्पल फेंक दी।

अचानक हुई इस घटना से खेसारी हैरान रह गए और उन्होंने अपना कार्यक्रम रोक दिया। इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है। भोजपुरी स्टार के साथ हुए इस व्यवहार को देखकर कार्यक्रम में मौजूद सांसद पप्पू यादव ने भी नाराजगी जाहिर की।

खेसारी लाल यादव ने मंच से दिया जवाब

चप्पल फेंके जाने की घटना पर खेसारी लाल यादव ने मंच से ही प्रतिक्रिया दी। उन्होंने इस व्यवहार की आलोचना की और चप्पल फेंकने वाले व्यक्ति पर तंज कसते हुए कहा, 'अच्छा किए बेटा, आई लव यू। क्या लड़का है, बहुत आगे जाओगे तुम। इतना आगे जाओगे कि वहां जमीन भी नहीं होगी। जो लोग गलती करते हैं, मैं उनका सम्मान करता हूं, क्योंकि इनकी गलती से दुनिया सीखेगी।'

खेसारी ने इस घटना पर नाराजगी जताई, लेकिन अपनी प्रतिक्रिया के दौरान संयम बनाए रखा और अभद्र भाषा का इस्तेमाल नहीं किया।

पप्पू यादव ने दी चप्पल फेंकने वाले को तलाशने की चेतावनी

कार्यक्रम के दौरान हुई इस घटना पर पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि चप्पल फेंकने की घटना सीसीटीवी में कैद हो गई है और ऐसा करने वाले व्यक्ति को जल्द से जल्द ढूंढ लिया जाएगा।

इसके अलावा, पप्पू यादव ने उन लोगों को भी चेतावनी दी, जो खेसारी लाल यादव की प्रस्तुति देखने के लिए बिजली के खंभों पर चढ़ गए थे। उन्होंने लोगों से खंभों से नीचे उतरने को कहा और चेताया कि अगर लोग नीचे नहीं उतरे, तो शो बंद कर दिया जाएगा।

निजी जिंदगी को लेकर भी चर्चा में रहे खेसारी

खेसारी लाल यादव हाल के दिनों में अपनी निजी जिंदगी को लेकर भी चर्चा में रहे हैं। 'राइज एंड फॉल 2' में काजल राघवानी ने खेसारी लाल यादव के साथ अपने रिश्ते के बारे में खुलकर बात की थी। उन्होंने बताया था कि उन्हें खेसारी से कैसे प्यार हुआ।

इससे पहले भोजपुरी बवाल के दौरान भी काजल ने एक शादीशुदा व्यक्ति से प्यार होने का किस्सा साझा किया था। उन्होंने कहा था कि वह जानती थीं कि वह व्यक्ति शादीशुदा है, इसके बावजूद उन्हें उससे प्यार हो गया था।