कोलकाता। स्ट्रांग रूम मैं अनधिकृत प्रवेश का आरोप लगाने और ईवीएम की सुरक्षा को लेकर बृहस्पतिवार की रात चले तनातनी के बाद पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल काँग्रेस नेता ममता बनर्जी ने अपने सभी मतगणना एजेंटों को सतर्क और निडर रहने का अलर्ट जारी किया है।
इस बारे में तृणमूल काँग्रेस के सोशल मीडिया हैंडल से एक्स पर पोस्ट शेयर कर लिखा गया है, ‘हम पहले ही देख चुके हैं कि बीजेपी और चुनाव आयोग ने पार्टी के हितधारकों की अनुपस्थिति में नेताजी इंडोर स्टेडियम के स्ट्रांग रूम में मतपेटियों को खोलकर प्रोटोकॉल का उल्लंघन किया है। आसन्न और अपमानजनक हार को देखते हुए, बीजेपी निस्संदेह अन्य निर्वाचन क्षेत्रों में भी इसी तरह की ईवीएम में हेराफेरी करेगी।’
पार्टी ने कहा कि तृणमूल मुखिया ने हर एजेंट और कार्यकर्ता से बीजेपी को जनता के जनादेश की चोरी करने से रोकने के लिए अधिकतम सावधानी बरतने का आग्रह किया है। उन्होंने इस अलोकतांत्रिक हानि को रोकने के लिए एक उम्मीदवार के रूप में स्वयं स्ट्रांग रूम में उपस्थित होने का आश्वासन दिया है।
तृणमूल काँग्रेस ने अपने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे जनादेश की रक्षा करें। वोट की रक्षा करें। अंतिम वोट की गिनती होने तक लड़ाई खत्म नहीं होती।
दूसरी तरफ़ बृहस्पतिवार की रात नेताजी स्टेडियम स्ट्रांग रूम के बाहर अपना धरना खत्म करने के बाद TMC नेता कुणाल घोष ने कहा, "आज जो हुआ वह EC की गलती है। यह तय हुआ था कि आज के बाद कोई भी स्ट्रॉन्ग रूम की सील नहीं तोड़ेगा और बिना आधिकारिक सूचना के अंदर नहीं जाएगा। यह पहला फैसला था। आज जो हुआ वह गलत था। वहां और CCTV कैमरों की ज़रूरत है, वे मान गए हैं। यह स्क्रीन पर दिखना चाहिए। हमने उन्हें अपने ऑब्ज़र्वेशन के बारे में बता दिया है।’
https://x.com/AITCofficial/status/2049893560061964353?s=20