Microsoft Outage: Outlook से Teams तक कई सेवाएं ठप, सर्वर में खराबी से दुनियाभर के यूजर्स परेशान

Microsoft Outage: Outlook से Teams तक कई सेवाएं ठप, सर्वर में खराबी से दुनियाभर के यूजर्स परेशान
हाइलाइट्स
• Outlook, Teams और Copilot समेत कई सेवाएं हुईं प्रभावित।
• माइक्रोसॉफ्ट के कई सर्वर अचानक हुए अनुपलब्ध।
• सर्वर पर बढ़े लोड से यूजर्स को हुई परेशानी।

माइक्रोसॉफ्ट की कई प्रमुख ऑनलाइन सेवाओं में आई तकनीकी खराबी ने दुनियाभर के यूजर्स को परेशानी में डाल दिया। Outlook पर ईमेल भेजने और रिसीव करने से लेकर अकाउंट में लॉग-इन करने तक में दिक्कतें आने लगीं। Microsoft 365, Teams और AI असिस्टेंट Copilot भी इस समस्या से प्रभावित हुए। शुरुआत में सर्वर पर ज्यादा ट्रैफिक को इसकी वजह माना जा रहा था, लेकिन कंपनी की शुरुआती जांच में सामने आया कि उसके इंफ्रास्ट्रक्चर के कई सर्वर अचानक उपलब्ध नहीं रह गए थे।

इसका सीधा असर बाकी सक्रिय सर्वरों पर पड़ा। उन पर अतिरिक्त लोड बढ़ने से यूजर्स की रिक्वेस्ट को प्रोसेस करने में परेशानी आने लगी और कई सेवाओं में कनेक्टिविटी एरर दिखाई देने लगे।

Microsoft Outage: Outlook और Teams में क्या परेशानी आई?

बृहस्पतिवार देर रात Outlook और Microsoft 365 की सेवाओं में अचानक समस्या शुरू हुई। भारत समेत दुनियाभर के यूजर्स को अपने अकाउंट में लॉग-इन करने, ईमेल भेजने और नए ईमेल प्राप्त करने में परेशानी हुई। कई यूजर्स अपना इनबॉक्स भी नहीं खोल पा रहे थे।

इस तकनीकी खराबी का दायरा केवल ईमेल सेवा तक सीमित नहीं रहा। Microsoft Teams और AI असिस्टेंट Copilot भी प्रभावित हुए। इसके अलावा, माइक्रोसॉफ्ट के सर्वर से कनेक्ट होने वाली OpenAI और Anthropic की कुछ सेवाओं में भी दिक्कत आई। खासतौर पर Microsoft 365 कनेक्टर से जुड़ी सुविधाओं पर इसका असर देखा गया।

माइक्रोसॉफ्ट के सर्वर अचानक क्यों हुए ठप?

शुरुआत में माना जा रहा था कि एक साथ बड़ी संख्या में यूजर्स के सेवाओं का इस्तेमाल करने से सर्वर पर दबाव बढ़ा होगा। हालांकि, माइक्रोसॉफ्ट की जांच में इसकी वजह कुछ अलग सामने आई।

कंपनी के अनुसार, उसके इंफ्रास्ट्रक्चर के कई सर्वर अचानक अनुपलब्ध हो गए थे। ऐसे में बाकी काम कर रहे सर्वरों को ज्यादा रिक्वेस्ट संभालनी पड़ीं। बढ़ते दबाव के कारण वे यूजर्स की रिक्वेस्ट को ठीक से प्रोसेस नहीं कर पा रहे थे।

जांच में यह भी पता चला कि प्रभावित सर्वर ऑटोमैटिक हेल्थ चेक में फेल हो रहे थे। इन जांचों के जरिए सर्वर की स्थिति और उसके सही तरीके से काम करने की पुष्टि की जाती है।

माइक्रोसॉफ्ट को संदेह था कि हाल ही में हेल्थ चेक से जुड़े एक कंपोनेंट में किए गए बदलाव का इस समस्या से संबंध हो सकता है। हालांकि, जांच के दौरान इसकी पुष्टि नहीं हुई थी।

एक सर्वर की खराबी से दूसरी सेवाएं कैसे हुईं प्रभावित?

माइक्रोसॉफ्ट की ऑनलाइन सेवाएं बड़े सर्वर नेटवर्क के जरिए काम करती हैं। जब कोई यूजर Outlook खोलता है या ईमेल भेजता है, तो उसकी रिक्वेस्ट सर्वर तक पहुंचती है। इसके बाद सर्वर उस रिक्वेस्ट को प्रोसेस करके संबंधित सेवा उपलब्ध कराते हैं।

लेकिन नेटवर्क के कई सर्वर एक साथ काम करना बंद कर दें, तो उनकी जिम्मेदारी बाकी सक्रिय सर्वरों पर आ जाती है। इससे उन पर रिक्वेस्ट का दबाव बढ़ जाता है।

यदि सक्रिय सर्वर इस अतिरिक्त लोड को संभालने में सक्षम नहीं होते, तो यूजर्स को लॉग-इन, ईमेल भेजने और रिसीव करने जैसी सुविधाओं में परेशानी होने लगती है।

माइक्रोसॉफ्ट की शुरुआती जांच में भी यही स्थिति सामने आई। कंपनी ने बताया कि सर्वर अनुपलब्ध होने के कारण बाकी इंफ्रास्ट्रक्चर पर दबाव बढ़ रहा था। प्रभावित सर्वरों पर एक जरूरी प्रक्रिया भी ओवरलोड हो रही थी, जिसके चलते वे जवाब देना बंद कर रहे थे।

Outlook Not Working Today: माइक्रोसॉफ्ट ने रिकवरी के लिए क्या किया?

समस्या सामने आने के बाद माइक्रोसॉफ्ट ने अपने सर्वर इंफ्रास्ट्रक्चर को ठीक करने के लिए रिकवरी प्रक्रिया शुरू की। कंपनी ने कुछ समय के लिए नए डिप्लॉयमेंट और कॉन्फिगरेशन बदलाव रोक दिए, ताकि हाल में किए गए बदलावों की जांच की जा सके।

इसके साथ ही प्रभावित सर्वरों को रीस्टार्ट करने की प्रक्रिया शुरू की गई। Outlook का कनेक्शन ट्रैफिक दूसरे सर्वरों और वैकल्पिक नेटवर्क रास्तों पर भेजा गया, जिससे प्रभावित सर्वरों पर दबाव कम किया जा सके।

कुछ सर्वरों को दोबारा चालू करने के बाद उनकी स्थिरता की भी जांच की गई। शुरुआती स्तर पर कुछ क्षेत्रों में सेवाएं आंशिक रूप से बहाल हुईं। हालांकि, पूरी तरह सामान्य संचालन के लिए प्रभावित इंफ्रास्ट्रक्चर को ठीक करना जरूरी था। भारत में Outlook की सेवा अभी भी प्रभावित बताई गई।

पहले भी सामने आ चुकी हैं ऐसी तकनीकी खराबियां

माइक्रोसॉफ्ट के सर्वर या क्लाउड इंफ्रास्ट्रक्चर में आई तकनीकी दिक्कतों का असर पहले भी बड़े स्तर पर देखने को मिला है।

जुलाई 2024 में दुनियाभर के कई Windows यूजर्स को ब्लू स्क्रीन ऑफ डेथ (BSOD) की समस्या का सामना करना पड़ा था। कई डिवाइस अचानक बंद हो रहे थे या बार-बार रीस्टार्ट हो रहे थे। उस घटना के पीछे CrowdStrike के एक अपडेट को वजह बताया गया था।

इसी तरह, जुलाई 2024 में Microsoft Azure से जुड़ी परेशानी का असर एयरलाइन के इंटरनल नेटवर्क और कई कैब सर्विस के सिस्टम पर भी पड़ा था।

इन घटनाओं से पता चलता है कि बड़ी ऑनलाइन सेवाओं का संचालन सर्वर और क्लाउड इंफ्रास्ट्रक्चर पर निर्भर होने के कारण किसी एक तकनीकी खराबी का असर कई दूसरी सेवाओं तक पहुंच सकता है। माइक्रोसॉफ्ट के मौजूदा आउटेज में भी Outlook से लेकर Teams और Copilot तक कई सेवाएं प्रभावित हुईं।