दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पूर्व प्रधानमंत्री चन्द्रशेखर को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि देते हुए कहा है कि इस वर्ष उनकी 100वीं जयंती की शुरुआत हो रही है और यह उनके समृद्ध एवं न्यायपूर्ण भारत के सपने को साकार करने के संकल्प को दोहराने का अवसर है।
प्रधानमंत्री मोदी ने उनकी विरासत को याद करते हुए कहा कि चन्द्रशेखर को एक जननेता के रूप में याद किया जाता है, जो साहस, दृढ़ विश्वास और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति गहरी प्रतिबद्धता से परिपूर्ण थे। उन्होंने इस बात पर ज़ोर दिया कि भारत की मिट्टी से गहराई से जुड़े और आम नागरिकों की आकांक्षाओं के प्रति संवेदनशील श्री चन्द्रशेखर जी ने सार्वजनिक जीवन में सादगी और स्पष्टता का उदाहरण प्रस्तुत किया।
प्रधानमंत्री ने उन अवसरों को भी याद किया जब उन्हें चन्द्रशेखर से मिलने और देश के विकास पर विचारों का आदान-प्रदान करने का अवसर मिला।
प्रधानमंत्री मोदी ने भारत के युवाओं से श्री चन्द्रशेखर जी के विचारों और भारत की प्रगति के लिए उनके प्रयासों के बारे में अधिक पढ़ने का आह्वान किया।
प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर अपने भाव व्यक्त करते हुए एक पुरानी तस्वीर भी शेयर की।