सात शहरों में “नारी शक्ति वंदन रन” 17-18 अप्रैल को

Authored By: News Corridors Desk | 15 Apr 2026, 07:15 PM
news-banner

दिल्ली। महिला नेतृत्व वाले विकास को बढ़ावा देने और विकसित भारत की परिकल्पना में नागरिक भागीदारी को मजबूत करने की अपनी पहल के तहतयुवा मामले और खेल मंत्रालय की तरफ़ से राष्ट्रव्यापी “नारी शक्ति वंदन रन” का आयोजन किया जाएगा।

मंत्रालय  17 और 18 अप्रैल 2026 को सात प्रमुख शहरों में राष्ट्रव्यापी "नारी शक्ति वंदन रन" का आयोजन करेगा।यह आयोजन दिल्ली, कटक, पटना, मुंबई, इंदौर, बेंगलुरु और जयपुर में होगा। पटना और जयपुर में आयोजन 17 अप्रैल 2026 को निर्धारित हैं, जबकि शेष शहरों - दिल्ली, कटक, मुंबई, इंदौर और बेंगलुरु - में यह दौड़ 18 अप्रैल 2026 को होगी।

कार्यक्रम सुबह प्रतिभागियों के पंजीकरण के साथ होगा, जिसके बाद उद्घाटन सत्र होगा जिसमें गणमान्य व्यक्तियों का अभिनंदन, मुख्य अतिथि का संबोधन और नारी शक्ति की शपथ दिलाई जाएगी। लगभग 2 से 3 किलोमीटर की यह दौड़ प्रत्येक शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर आयोजित की जाएगी। कार्यक्रम का समापन प्रमाण पत्र वितरण के साथ होगा।

इस पहल का उद्देश्य विभिन्न पृष्ठभूमियों की महिलाओं, जिनमें छात्राएं, पेशेवर महिलाएं, उद्यमी, खिलाड़ी और नागरिक समाज की सदस्य शामिल हैं, की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित करना है। माय भारत, राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस), भारतीय खेल प्राधिकरण (एसएआई) और अन्य सहयोगी संगठनों के माध्यम से भागीदारी को सुगम बनाया जा रहा है।

नारी शक्ति वंदन रनका आयोजन संसद के 16 से 18 अप्रैल 2026 तक चल रहे सत्र के संदर्भ में किया जा रहा है , जिसमें महिलाओं के प्रतिनिधित्व और परिसीमन की प्रक्रिया से संबंधित महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया जा रहा है।