हाइलाइट्स :
• 33 फिल्मों में से ‘गोंधल’ का हुआ आधिकारिक चयन
• महाराष्ट्र की लोकपरंपरा और संस्कृति पर आधारित है फिल्म
• निर्देशक संतोष दावखर को मिल चुका है सिल्वर पीकॉक
• मराठी सिनेमा को अंतरराष्ट्रीय मंच पर मिली नई पहचान
Oscars 2027, Nomination: मराठी फिल्म जगत के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में निर्देशक संतोष दावखर की फिल्म ‘गोंधल’ को 99वें अकादमी पुरस्कार यानी ऑस्कर 2027 के लिए भारत की आधिकारिक प्रविष्टि चुना गया है।
फिल्म फेडरेशन ऑफ इंडिया की चयन समिति ने 33 फिल्मों में से ‘गोंधल’ का चयन किया। फिल्म अब सर्वश्रेष्ठ अंतरराष्ट्रीय फीचर फिल्म श्रेणी में भारत का प्रतिनिधित्व करेगी।
महाराष्ट्र सरकार ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इस उपलब्धि पर फिल्म की पूरी टीम को बधाई दी। सरकार ने कहा कि महाराष्ट्र की समृद्ध लोकपरंपरा और संस्कृति से जुड़ी यह कहानी अब अंतरराष्ट्रीय मंच पर पहुंचेगी।
लोकपरंपरा को कहानी का आधार
‘गोंधल’ महाराष्ट्र की ग्रामीण पृष्ठभूमि में होने वाली पारंपरिक गोंधल लोकपरंपरा और धार्मिक अनुष्ठान को कहानी का आधार बनाती है। फिल्म की कथा सुमन नामक महिला के इर्द-गिर्द बुनी गई है, जो एक संपन्न परिवार में विवाह के बाद जटिल परिस्थितियों में फंस जाती है। कहानी में प्रेम, छल, इच्छा और अपराध के तत्व लोकअनुष्ठान की पृष्ठभूमि में सामने आते हैं।
फिल्म में किशोर कदम, इशिता देशमुख, योगेश सोहनी, निशाद भोइर और अनुज प्रभु प्रमुख भूमिकाओं में हैं। संगीत दिग्गज इलैयाराजा ने दिया है।
पहले भी मिल चुका है बड़ा सम्मान
‘गोंधल’ को ऑस्कर प्रविष्टि से पहले भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिल चुकी है। 56वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव IFFI में संतोष दावखर को फिल्म के लिए सर्वश्रेष्ठ निर्देशक का सिल्वर पीकॉक प्रदान किया गया था। पुरस्कार के साथ 15 लाख रुपये की नकद राशि भी दी गई थी।
ऑस्कर के लिए चयन के बाद मराठी सिनेमा की इस फिल्म से अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे की प्रतिस्पर्धा में भारत का प्रतिनिधित्व करने की उम्मीद जुड़ी है।