चंडीगढ़। हवाई अड्डे पर प्लेन उतर चुका था। यात्री बाहर निकलने की तैयारी में थे कि अचानक अफरातफरी मच गई। वजह ये हुई कि प्लेन के भीतर एक यात्री का पॉवर बैंक अचानक फट गया और उसमें आग लग गई।
जानकारी के मुताबिक़ इंडिगो का ए321 विमान अपनी उड़ान 6E-108 (हैदराबाद-चंडीगढ़) को पूरा कर चंडीगढ़ हवाई अड्डे पर उतरा।
चंडीगढ़ में लैंडिंग के बाद टैक्सी करते समय, सीट नंबर 39C पर बैठे एक यात्री के पॉवर बैंक में आग लग गई जिसे उसने पाउच में भरकर सीट पॉकेट में रखा था। घटना के बाद विमान को लैंडिंग बे में ही रोक दिया गया। केबिन क्रू ने आग बुझाने के लिए दो अग्निशामक यंत्रों का इस्तेमाल किया।
पॉवर बैंक में आग लगने की जानकारी होते ही यात्री चिंतित हो गए लेकिन केबिन क्रू ने यात्रियों को बाहर निकालने के लिए सभी छह स्लाइड खोल दीं जिससे सभी यात्री तेजी से प्लेन से बाहर आ गए। सरकारी विज्ञप्ति के अनुसार इस घटना में किसी भी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है।