दिल्ली। केंद्र सरकार ने उत्तर प्रदेश में आलू की खरीद, आंध्र प्रदेश में चना खरीद और कर्नाटक में अरहर खरीद अवधि विस्तार को मंजूरी दी है।
केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने किसानों को उनकी उपज का लाभकारी मूल्य सुनिश्चित करने, संकटपूर्ण बिक्री से बचाने और कृषि बाजार में स्थिरता बनाए रखने के लिए यह निर्णय लिया।
यूपी : 20 एलएमटी आलू खरीद को स्वीकृति
बाजार हस्तक्षेप योजना (MIS) के अंतर्गत वर्ष 2025-26 के लिए उत्तर प्रदेश सरकार के आलू खरीद प्रस्ताव को स्वीकृति दी गयी है। इसके तहत राज्य में 20 एलएमटी आलू की खरीद 6,500.9 रु. प्रति मीट्रिक टन के बाजार हस्तक्षेप मूल्य पर की जाएगी। इस निर्णय में भारत सरकार का संभावित अंश 203.15 करोड़ रुपए रहेगा। इससे उत्तर प्रदेश के आलू उत्पादक किसानों को लाभकारी मूल्य सुनिश्चित करने में सहायता मिलेगी तथा उन्हें मजबूरी में कम कीमत पर उपज बेचने से राहत मिलेगी।
आंध्र प्रदेश: चना खरीद सीमा बढ़ी
केंद्रीय कृषि मंत्री ने आंध्र प्रदेश सरकार के प्रस्ताव को मंजूरी देते हुए मूल्य समर्थन योजना (PSS) के अंतर्गत 94,500 मीट्रिक टन चना की खरीद को स्वीकृति दी है। इसके बाद राज्य सरकार के अनुरोध पर शिवराज सिंह ने रबी 2025-26 सीजन के दौरान PSS के तहत चना की अधिकतम खरीद मात्रा बढ़ाकर 1,13,250 मीट्रिक टन कर दी है।
कर्नाटक: तूर खरीद
केंद्रीय कृषि मंत्री ने कर्नाटक में खरीफ 2025-26 सीजन के दौरान मूल्य समर्थन योजना (PSS) के तहत न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर तूर (अरहर) की खरीद के लिए 30 दिनों का विस्तार प्रदान किया है। अब यह खरीद 15 मई 2026 तक जारी रहेगी।